Bihar Weather: पटना में गर्मी ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ा, नौ जिले लू की चपेट में; अलर्ट जारी
Bihar Weather Update रविवार को पटना समेत प्रदेश के भागलपुर वाल्मीकि नगर सबौर मोतिहारी शेखपुरा जमुई भोजपुर बांका लू की चपेट में रहे। वहीं पूर्णिया फारबिसगंज खगड़िया कटिहार में भीषण लू चली। पटना समेत प्रदेश के 20 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
जागरण संवाददाता, पटना: तापमान चढ़ता ही जा रहा है। सूरज की तपिश नए प्रतिमान गढ़ने को आतुर है। रविवार को तापमान फिर पटना में 10 साल का रिकार्ड तोड़ते हुए 42.5 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे पहले वर्ष 2012 में चार जून को 44.1 डिग्री पर पहुंचा था। हालांकि, भागलपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां का तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
20 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि
पटना समेत प्रदेश के 20 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, राजस्थान के जयपुर, जैसेलमेर, जोधुपर का अधिकतम तापमान पटना से कम रहा। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री, जैसलमेर का 36.0 डिग्री, जोधपुर का 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 11 जून तक प्रदेश में उष्ण लहर व लू का प्रभाव बना रहेगा।
इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि की संभावना है। इन मौसमी प्रभाव को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को पटना समेत प्रदेश के भागलपुर, वाल्मीकि नगर, सबौर, मोतिहारी, शेखपुरा, जमुई, भोजपुर, बांका लू की चपेट में रहे। वहीं, पूर्णिया, फारबिसगंज, खगड़िया, कटिहार में भीषण लू चली।
लू का प्रभाव बना रहेगा
अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के नौ शहरों के मुजफ्फरपुर, शेखपुरा, जमुई, बांका, नालंदा, सिवान, मधुबनी, सारण, नवादा में लू का प्रभाव बना रहेगा। प्रदेश के आठ जिलों के पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, सुपौल, कटिहार, पश्चिमी चंपारण, खगड़िया, पूर्वी चंपारण में भीषण उष्ण लहर का अलर्ट है।