Bihar: मामी मना करती रही लेकिन रात में बाइक से जबरन साथ ले गया भांजा, कोई नहीं पहुंच सका घर
सिवान में बुधवार रात मामी के इंकार के बावजूद भांजा उन्हें व अपने मामा को बाइक से साथ ले गया। यह मौत की बुलाहट थी तो रात में उन्हें खींचकर ले गई। रास्ते में एक ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई।
पचरुखी (सिवान), संवाद सूत्र। सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के सराय ओपी अंतर्गत चांप हाइवे पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार महिला समेत दो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। एक ही हालत गंभीर है। बाइक पर तीन लोग सवार थे। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
एक ही बाइक से जा रहे थे तीन लोग
घटना बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। बैशाखी गांव से एक महिला समेत तीन लोग बडरम गांव के लिए निकले। बाइक को रामसेवक राम (42) चला रहा था। पीछे उनके मामा मुन्ना राम (52) और मामी मिंता देवी (43) बैठे थे। मिंता देवी आंगनबाड़ी सेविका थी। हरदिया से पचरुखी की तरफ जाने के दौरान चांप गांव के पास हाइवे पर पहले से खड़े ट्रक में बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामसेवक राम और मिंता देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मुन्ना राम गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मुन्ना राम को अस्पताल भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए मुन्ना राम को पटना रेफर कर दिया गया। वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटनास्थल पर ही दो ने तोड़ा दम
घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग सन्न रह गए। चीख-पुकार मच गई। सेविका के बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। एक पुत्र और तीन पुत्रियों की चित्कार माहौल को गमगीन कर रही थी। बच्चों का कहना था कि रात में खाने के बाद रामसेवक जब उनके माता-पिता को साथ ले जाने लगे तो मां ने मना कर दिया। उनका कहना था कि रात में नहीं जाएंगे। लेकिन वे जबरन ले गए। उधर घटना में मारे गए रामसेवक राम के तीन पुत्र व एक पुत्री हैं।