पटना में तीन दिसंबर तक तापमान के सामान्य रहने के आसार
पटना में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन दिसंबर तक तापमान सामान्य रहेगा। वहीं गया, औरंगाबाद और राजगीर में ठंड बढ़ सकती है।
पटना, जेएनएन। बिहार की राजधानी पटना सहित राज्यभर में अभी ठंड के लिए इंतजार करना होगा। तीन दिसंबर तक गया, औरंगाबाद, नालंदा और राजगीर को छोड़कर अन्य शहरों का तापमान सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पांच दिसंबर से राज्य के तापमान में कमी आने के आसार हैं।
गुरुवार को पटना का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री और अधिकतम 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को तापमान में मामूली कमी रही लेकिन एक दिसंबर तक तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। सुबह में मामूली धुंध और हवा में नमी के कारण सर्दी का अहसास होगा।
गया के न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 12.1 डिग्री और अधिकतम 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। 1 दिसंबर तक यहां के तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री और अधिकतम 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री और अधिकतम 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार पटना में 5 दिसंबर तक ठंड में वृद्धि के आसार नहीं हैं। अन्य शहरों में 2 दिसंबर से तापमान में मामूली कमी आएगी। हवा में नमी के कारण सुबह और रात में ठंडा का अहसास होगा।
एयर क्वालिटी इंडेक्स पीएम2.5
शहर - पटना
शुक्रवार का अनुमान - 335 खतरनाक
गुरुवार को - 332 - खतरनाक