यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
DSS की रथ यात्रा में RSS पर तेजप्रताप का तंज, हाफ पैंट वालों का दिमाग भी हाफ
राजद अध्यक्ष लालू यादव के पुत्र तेजप्रताप ने आरएसएस से मुकाबले के लिए धर्मनिरपेक्ष सेवक संघ का गठन किया है। रविवार को राजधानी पटना ने डीएसएस की रथयात्रा निकाली गई।

पटना [जेएनएन]। तेजप्रताप यादव ने आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा कि हाफ पैंट पहनने वालों का दिमाग भी हाफ होता है। डीएसएस का रथ आरएसएस वालों की छाती पर चढ़ेगा। मोदी और योगी गोडसे के वंशज हैं। ये सभी देश की एकता और अखंडता को तोड़ने में लगे हैं।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप ने दक्षिणपंथी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से मुकाबलें के लिए बिहार में धर्मनिरपेक्ष सेवक संघ (डीएसएस) का गठन किया है।
आज राजधानी पटना में तेजप्रताप ने अपने संगठन डीएसएस की रथ यात्रा निकाली। इस रैली में तेजप्रताप खुद रथ पर सवार थे और उनके साथ सैंकड़ों की संख्या में युवा बाइक व अन्य गाडि़यों से चल रहे थे।
रथ यात्रा के मौके पर तेजप्रताप ने कहा कि हमारे संगठन का नाम धर्मनिरपेक्ष संघ है। इसमें सभी धर्मों के लोग विश्व में शांति की स्थापना के संकल्प के साथ जुड़े हैं। आज आरएसएस धार्मिक कट्टरता को बढ़ावा दे रहा है। देश व समाज को बांटने का काम कर रहा है। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।
यह भी पढ़ें: आंइस्टीन को चुनौती देने वाले बिहार के गणितज्ञ का जन्मदिन है आज
तेजप्रताप ने कहा कि इस संगठन में हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई सभी धर्मों के लोग हैं। संगठन का विस्तार राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है। धर्मनिरपेक्ष सेवक संघ आरएसएस के मुकाबले के लिए तैयार है। अभी तो यह ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है।
