विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 01, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तेजप्रताप ने सुशील मोदी को दिया कार्ड, कहा- शादी में जरूर आइएगा, मिला ये जवाब

By Ravi RanjanEdited By:
Published: Tue, 01 May 2018 04:38 PM (IST)Updated: Wed, 02 May 2018 10:56 PM (IST)

तेजप्रताप यादव ने उपमुख्‍यमंत्री सुशील मोदी को अपनी शादी का कार्ड दिया है और कहा कि शादी में जरूर आइयेगा। इस पर सुशील मोदी ने भी जवाब दिया।

तेजप्रताप ने सुशील मोदी को दिया कार्ड, कहा- शादी में जरूर आइएगा, मिला ये जवाब
तेजप्रताप ने सुशील मोदी को दिया कार्ड, कहा- शादी में जरूर आइएगा, मिला ये जवाब

पटना [जेएनएन]। राजद अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने मंगलवार को अपने राजनीतिक विरोधी और बिहार के उपमुख्‍यमंत्री सुशील मोदी को शादी का कार्ड दिया और कहा कि शादी में जरूर आइएगा। तेजप्रताप यादव और उनके होने वाले ससुर चंद्रिका राय खुद आमं‍त्रण कार्ड सुशील मोदी के घर पहुंचे।

शादी का कार्ड देने के बाद तेजप्रताप ने ट्वीट किया कि बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी को अपने विवाह का निमंत्रण दिया। लाख राजनीतिक और मनुवादी विद्वेष हम पर थोपी जाए, हम बहुजन समाज के लोग कृष्ण के वंशज हैं। हमारा दिल बहुत बड़ा है। इसमें सब के लिए जगह है।

कार्ड देने के बाद मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है। समाजिकता अलग है। राजनीति में सबकुछ चलता रहता है। ये शादी का माहौल है। ऐसे में मैं उनको कार्ड देने आया। सुशील मोदी पिताजी के साथ पढ़े हैं।  उनका लालू जी से पुराना सम्बन्ध रहा है। मोदी जी ने मेरे विवाह में आने का वादा किया है। 

वहीं, दूसरी ओर सुशील मोदी ने कहा कि लालू यादव की सभी बेटियों की शादी में मैंने शिरकत की है, चाहे वह दिल्‍ली में हुआ हो या पटना में। तेजप्रताप की शादी में च‍ंद्रिका राय जी की बेटी से हो रही है। सभी से मेरा पुराना संबंध है। खुशी की बात है कि बिहार के दो राजनैतिक घरानों के बीच रिश्ता हो रहा है। इस शादी में भी जाऊंगा।

बता दें कि तेजप्रताप की शादी 12 मई को बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पौत्री और विधायक चंद्रिका राय की बड़ी बेटी ऐश्वर्या राय के साथ होगी। दोनों की सगाई 18 अप्रैल को पटना के होटल मौर्या में हुई थी। राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10,  सर्कुलर रोड से बारात 12 मई को शाम 7:00 बजे प्रस्थान करेगी और शुभ विवाह रात्रि बेला में होगा। तेजप्रताप और ऐश्वर्या का विवाह दुल्हन के घर यानी उनके पिता चंद्रिका राय के सरकारी आवास 5, सर्कुलर रोड पर संपन्न होगा। जयमाला और प्रीतिभोज का कार्यक्रम खेल मैदान, बिहार वेटरनरी कॉलेज कैंपस पटना में रखा गया है।

तेजप्रताप की शादी में इन खास लोगों को मिलेगा निमंत्रण
तेजप्रताप यादव की शादी को लेकर गेस्ट लिस्ट भी फाइनल हो चुकी है। उनकी शादी में पांच हजार से भी ज्यादा लोग शामिल होंगे। इनमे वीआईपी गेस्ट से लेकर लालू प्रसाद के रिश्तेदार और तमाम जानने वाले शामिल होंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।