लालू से मिलने रांची पहुंचे तेजस्वी, मुकेश सहनी भी हैं साथ में, सीटों पर होगी बात
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव रांची के लिए रवाना हो गए। उनके साथ निषाद संघ के नेता मुकेश सहनी भी हैं।
पटना [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव रांची पहुंच गये हैं। वे पटना एयरपोर्ट से शुक्रवार की दोपहर 3.10 की फ्लाइट से रवाना हुए और शाम में रांची पहुंच गए। उनके साथ निषाद संघ के नेता मुकेश सहनी भी हैं। सहनी विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष हैं और वे पिछले सप्ताह ही महागठबंधन में शामिल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शनिवार को रांची के रिम्स में अपने पिता से मिलेंगे। रिम्स में लालू यादव अपना इलाज करा रहे हैं। बता दें कि हाल ही में बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भी लालू प्रसाद यादव से रिम्स में जाकर मुलाकात की थी।उधर रांची पहुंचने पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इसके पहले पटना एयरपोर्ट पर उन्हें छोड़ने के लिए काफी संख्या में समर्थक पहुंचे थे।
तेजस्वी यादव शनिवार को रांची के रिम्स में पिता लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करेंगे। उम्मीद जतायी जा रही है कि वे बिहार महागठबंधन की ताजा स्थिति पर चर्चा करेंगे। सीट शेयरिंग पर भी उनसे बातें होंगी। चूंकि एनडीए में सीट शेयरिंग हो गई है। महागठबंधन में इसे लेकर रस्साकसी चल रही है। इसी बीच एनडीए से निकलकर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी महागठबंधन में आ गए हैं। निषाद संघ के नेता मुकेश सहनी भी तेजस्वी यादव की पहल पर महागठबंधन के हिस्सा हो गए हैं।