पटना आश्रय होम कांड: तेजस्वी का सवाल- जेल से कैसे डिएक्टिवेट हुआ मनीषा का फेसबुक?
पटना के आसरा शेल्टर होम की दो युवतियों की मौत के बाद गिरफ्तार मनीषा दयाल का फेसबुक अकाउंट डिएक्टीवेट कर दिया गया है। इसपर तेजस्वी यादव ने सवाल खड़े किए हैं। जानिए मामला।
पटना [जेएनएन]। राजधानी के 'आसरा शेल्टर होम' की दो युवतियों की मौत के सिलसिले में गिरफ्तार हाई-प्रोफाइल महिला मनीषा दयाल का फेसबुक अकाउंट डिएक्टीवेट कर दिया गया है। इसपर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि मनीषा के जेल में रहते हुए उसका फेसबुक अकाउंट किसने डिएक्टीवेट किया? क्या मनीषा का जेल में इंटरनेट सहित फोन चालू है? नीतीश जी, ये सब क्या हो रहा है?
विदित हो कि मनीषा दयाल ने अपने फेसबुक वॉल पर राजनीतिक-प्रशासनिक रसूख वाले लोगों के साथ अपने फोटो डाल रखे थे। पटना में आसरा आश्रय गृह में दो युवतियों की संदिग्ध मौत के बाद जब मनीषा को गिरफ्तार कर लिया गया, तब नेताओं-अधिकारियों के साथ उसके संबंधों को उजागर करता यह फेसबुक अकाउंट कइयों के गले की फांस बनता दिख रहा था। रसूख वाले लोगों के मनीषा से संबंध को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद यह अकाउंट अचानक डिएक्टीवेट कर दिया गया।
सवाल यह है कि फेसबुक अकांउट को डिएक्टीवेट क्यों और किसने किया? अगर अकाउंट जेल के अंदर से डिएक्टीवेट किया गया तो यह नया विवाद खड़ा करेगा, तय है।