'अपने समय में कौन-सा पुल बनवाया, एक तो बताइए', तेजस्वी पर संजय झा का पलटवार; बताया कब मिली बिहार को आजादी
नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद बिहार में इस पर सियासत जारी है। जदयू के संजय झा ने तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए उनके कार्यकाल में पुल न बनाने पर सवाल उठाए और नीतीश कुमार के योगदान को सराहा।

पटना में पत्रकारों से बात करते संजय झा। वीडियो ग्रैब
डिजिटल डेस्क, पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद भी बिहार में इस पर सियासत जारी है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से लगातार सरकार को घेरने के बीच जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन पर पलटवार किया है।
उन्होंने तेजस्वी यादव के योगदान पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी 15 साल तक सत्ता में रही, तब यह पुल क्यों नहीं बनवाया गया? उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु की परिकल्पना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की थी।
रविवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में संजय झा ने कहा कि गांधी सेतु पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे निजात दिलाने के लिए एक और पुल बनाने की जरूरत महसूस हुई।
उस समय इतने बड़े पुल के निर्माण के बारे में सोचना भी बड़ी बात थी। आज इस पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार को बेहतर कनेक्टिविटी मिली है।
उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने कौन-सा पुल बनवाया, इसका एक उदाहरण बता दें। पहले लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब वैसी स्थिति नहीं है।
नामकरण पर बोले- सरकार लेगी फैसला
नामकरण को लेकर तेजस्वी यादव की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर संजय झा ने कहा कि केवल उनके कहने से नामकरण का फैसला नहीं होगा।
इस पर सरकार निर्णय लेगी। उन्होंने तेजस्वी को अपनी पार्टी की चिंता करने की सलाह भी दी। संजय झा ने कहा कि नीतीश सेतु नाम ने बिहार के 13 करोड़ लोगों के मन को छुआ है।
उन्होंने नीतीश कुमार के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उन्होंने सत्ता संभाली थी, तब राज्य में पुलों और सड़कों की स्थिति क्या थी और उनके कार्यकाल में कितना निर्माण हुआ, इसकी तुलना होनी चाहिए। बिजली के क्षेत्र में हुए बदलाव का भी उन्होंने जिक्र किया।
'नीतीश कुमार को मिला था देश का सबसे मुश्किल राज्य'
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार को देश का सबसे मुश्किल राज्य चलाने के लिए मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए कामों का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
संजय झा ने सवाल किया कि तेजस्वी कभी अपनी सरकार के कामकाज की भी चर्चा क्यों नहीं करते हैं। क्यों नहीं बताते कि क्या काम किया 15 वर्षों में।
सुशासन दिवस पर 24 नवंबर 2005 का किया जिक्र
सुशासन दिवस मनाने के सवाल पर संजय झा ने 24 नवंबर 2005 की तारीख का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी 1947 में मिली थी।
लेकिन बिहार को गरीबी और असुविधाओं से आजादी 24 नवंबर 2005 को मिली, जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने। उन्होंने इस तारीख को बिहार में बदलाव की शुरुआत से जोड़ते हुए नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया।