विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar News: 'बिहार आएं तो कुछ दिन यहां रुककर जाएं'- तेजस्वी यादव, बोले- मुंबई-पुणे या हरियाणा जैसा कुछ करेंगे

By Kumar RajatEdited By: Yogesh Sahu
Published: Tue, 17 Jan 2023 12:02 AM (IST)

नए साल 2023 के कैलेंडर और डायरी के लोकार्पण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ...और पढ़ें

बिहार पर्यटन के विकास का बन रहा रोडमैप, ब्रांडिंग जरूरी : तेजस्वी
बिहार पर्यटन के विकास का बन रहा रोडमैप, ब्रांडिंग जरूरी : तेजस्वी

राज्य ब्यूरो, पटना। उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि पर्यटन के मामले में बिहार में बहुत संभावनाएं हैं। इसके लिए रोडमैप और ब्रांडिंग की जरूरत है, जिस पर काम शुरू हो गया है। पर्यटकों के आने से बिहार में रोजगार और राजस्व दोनों बढ़ेगा। हमारी कोशिश है कि पर्यटक बिहार आएं तो कुछ दिन यहां रुककर जाएं। इसके लिए अलग-अलग पर्यटन सर्किट को भी विकसित किया जा रहा है।

विभागीय कार्यालय में नए साल 2023 के कैलेंडर और डायरी के लोकार्पण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि कैलेंडर और डायरी को मौसम और थीम के आधार पर बनाया गया है। किस महीने में आप कहां घूम सकते हैं, इसका संकेत भी कैलेंडर से मिल जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य में वाल्मीकिनगर की तरह चार से पांच और स्थल हैं, जिनको चिह्नित कर विकसित किया जाएगा। जल्द ही गाइड और टूर आपरेटर की बैठक भी की जाएगी, ताकि देश-विदेश के पर्यटकों को अधिक से अधिक जानकारी दी जा सके।

फाइव स्टार होटल का टेंडर जल्द, लग्जरी ढाबा-रेस्तरां भी खुलेंगे

तेजस्वी यादव ने कहा कि मुंबई-पुणे या हरियाणा की तरह बिहार में भी पर्यटन केंद्रों तक जाने वाली सड़कों के किनारे बेहतरीन सुविधाएं दी जाएंगी। पर्यटन केंद्रों तक जाने वाली सड़कों के किनारे लग्जरी ढाबा-रेस्तरां आदि खोलने की प्रक्रिया चल रही है। अभी तक छह प्रस्ताव आए हैं। सभी पर्यटन केंद्रों के लिए प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं।

पटना में फाइव स्टार होटल के निर्माण के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इसी माह टेंडर की प्रक्रिया पूरी किए जाने की उम्मीद है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। मौके पर पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह और पर्यटन निगम के एमडी कंवल तनुज भी उपिस्थत थे।