तेजस्वी यादव छुट्टी से लौटे, उत्तराखंड में दोस्त की शादी में शामिल हुए लालू के लाल
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद लंबे समय से सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे तेजस्वी यादव अब सुर्खियों में हैं। विदेश ...और पढ़ें

ब्रेक के बाद मैदान में लौटे लालू के लाल तेजस्वी यादव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, पटना।बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद लंबे समय तक सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विदेश में क्रिसमस और नववर्ष की छुट्टियां बिताने के बाद उनके भारत लौटने से सियासी हलचल तेज हो गई है।
इसी क्रम में तेजस्वी यादव उत्तराखंड पहुंचे, जहां उन्होंने अपने करीबी सहयोगी और कोर टीम के सदस्य शारिक़ुल बारी की शादी में हिस्सा लिया। यह विवाह समारोह 7 जनवरी को उत्तराखंड के प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट क्षेत्र में आयोजित हुआ।
तेजस्वी यादव की इस सार्वजनिक मौजूदगी को राजनीति में उनकी वापसी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। चुनाव नतीजों के बाद वे बीच सत्र में ही नजर नहीं आए थे, जिससे राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।
अब शादी समारोह में उनकी सक्रिय भागीदारी ने इन चर्चाओं पर विराम लगाने का काम किया है। इस खास मौके पर तेजस्वी यादव अकेले नहीं थे।
उनके साथ आरजेडी सांसद संजय यादव, करीबी सहयोगी रमीज नेमत खान, विधायक ओसामा साहब, विधान परिषद सदस्य कारी शोएब, पार्टी प्रवक्ता शक्ति यादव और वरिष्ठ नेता भोला यादव भी मौजूद रहे।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इस निजी समारोह को सियासी रंग भी दे दिया, जिसकी तस्वीरें और चर्चाएं सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तेजस्वी यादव की यह यात्रा केवल निजी नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर संदेश देने वाली भी है। लंबे अंतराल के बाद उनकी सार्वजनिक उपस्थिति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव 9 जनवरी को पटना लौट सकते हैं। राजधानी पहुंचते ही वे पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, आगामी रणनीति और सरकार के खिलाफ नए सिरे से मोर्चा खोलने की तैयारी में जुटेंगे।
नए साल में तेजस्वी यादव का फोकस जनता के बीच सक्रिय जनसंपर्क बढ़ाने और बिहार की मौजूदा सरकार को मुद्दों पर घेरने का रहेगा।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में वे राज्यभर में दौरे कर पार्टी को फिर से धार देने की कोशिश करेंगे। ऐसे में उनकी यह “ब्रेक के बाद वापसी” बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा करती नजर आ रही है।