विधान परिषद में शपथ ग्रहण के बाद तेजस्वी ने खोला मोर्चा, दो MLC की सदस्यता के खिलाफ जाएंगे कोर्ट
तेजस्वी यादव ने बिहार विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित सदस्यों, बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता पर आपत्ति जताई है।

बिहार विधान परिषद में आठ नए सदस्यों ने ली शपथ। फाइल
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही उनकी सदस्यता को लेकर सियासी विवाद फिर गरमा गया है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए राहुल राज के शपथ ग्रहण पर आपत्ति जताई है।
उन्होंने कहा कि दोनों की सदस्यता नियमों के अनुरूप नहीं है और इसके खिलाफ वह फिर से विधान परिषद के सभापति के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि यदि सभापति के स्तर पर उनकी आपत्ति पर सुनवाई नहीं होती है तो वह इस मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कानून और नियमावली के हिसाब से दोनों की सदस्यता जानी चाहिए। हालांकि, उन्होंने शपथ लेने वाले अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई भी दी।
पहले भी उठा चुके हैं सदस्यता पर सवाल
बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज दोनों निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधान परिषद का चुनाव जीतकर पहुंचे हैं। बंशीधर ब्रजवासी तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से, जबकि राहुल राज सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं।
दोनों की सदस्यता को लेकर पहले भी विवाद सामने आया था। तेजस्वी यादव ने इससे पूर्व भी विधान परिषद के सभापति के समक्ष इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई थी।
अब दोनों सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद तेजस्वी ने एक बार फिर इस मुद्दे को उठाने की बात कही है। उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले में वह कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे।
आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ
इससे पहले सोमवार को बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। इस मौके पर उपसभापति रामवचन राय, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता को लेकर तेजस्वी यादव के बयान से विधान परिषद की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।
अब देखना होगा कि सभापति के समक्ष उनकी आपत्ति पर क्या निर्णय होता है और मामला आगे अदालत तक पहुंचता है या नहीं।