विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर हमला, बोले- अपनी जान की जिम्मेदार जनता खुद होगी; बिहार CM हर जगह लगवा दें बोर्ड

Published: Sat, 07 Nov 2026 08:55 PM (IST)

तेजस्वी यादव ने बिहार में पुलिस एनकाउंटर और कानून-व्यवस्था पर सम्राट चौधरी सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ...और पढ़ें

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, सरकार को घेरा

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, सरकार को घेरा

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में पुलिस एनकाउंटर और कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में हो रही पुलिस कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार पुलिस पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एनकाउंटर की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि जाति विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि अपनी जान की जिम्मेदारी अब जनता की खुद होगी और मुख्यमंत्री को हर जगह इस संबंध में बोर्ड लगवा देना चाहिए। उनके इस बयान के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज हो गई है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, सरकार को घेरा

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि बिहार में आम लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस आम लोगों के घर में घुसकर गोली चला रही है, जबकि दूसरी ओर अपराधी पुलिसकर्मियों को ही गोली मार रहे हैं।

उन्होंने सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार की स्थिति को भयावह बताते हुए सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाया।

तेजस्वी का कहना है कि जब अनियंत्रित अपराध को लेकर मुख्यमंत्री और सरकार घिरते हैं तो लोगों का ध्यान भटकाने के लिए जाति विशेष के अपराधियों का एनकाउंटर किया जाता है।

यादव समाज के एनकाउंटर को लेकर पहले भी उठा चुके हैं सवाल

तेजस्वी यादव ने एक बार फिर जाति के आधार पर पुलिस कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया है। उनके आरोपों में जाति विशेष से आशय यादव समाज के लोगों से है।

इससे पहले भी जब आपराधिक मामलों में यादव समाज से जुड़े आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने एनकाउंटर की कार्रवाई की थी, तब तेजस्वी ने इसे जाति देखकर की गई कार्रवाई बताया था।

इस बार भी उन्होंने बिहार में हुई दो अलग-अलग पुलिस कार्रवाइयों का हवाला देते हुए सरकार और पुलिस की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।

मधुबनी में एएसआइ की गोली से आशीष यादव की मौत का मामला

तेजस्वी यादव ने जिन घटनाओं का उल्लेख किया है, उनमें पहला मामला मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ का है। यहां एएसआइ चंद्रमोहन सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी थी।

इस घटना में गोली लगने से आशीष यादव की मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। तेजस्वी ने इसी घटना को आधार बनाकर राज्य में आम नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है।

मनेर में तीन लोगों के एनकाउंटर को लेकर भी निशाना

दूसरा मामला पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र का है। शेरपुर गंगा घाट के पास पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जेपी यादव, राजा शर्मा और बबलू यादव मारे गए थे।

पुलिस के अनुसार, तीनों पैक्स अध्यक्ष की हत्या समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। इस कार्रवाई को लेकर भी तेजस्वी यादव ने जाति विशेष के लोगों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया है।

बिहार की कानून-व्यवस्था पर फिर आमने-सामने सत्ता पक्ष और विपक्ष

तेजस्वी यादव के इस बयान ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। विपक्ष जहां पुलिस कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठा रहा है, वहीं एनकाउंटर में मारे गए लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर भी बहस हो रही है।

अब देखना होगा कि तेजस्वी के इन आरोपों पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।