तेजस्वी का तंज: नीतीश राज में पुलिस भी नहीं सुरक्षित, सरेआम गोली मारते अपराधी
पटना में होली की सुरक्षा के बीच एक पुलिसकर्मी को गोली मार अपराधी भागने में सफल रहे। घटना को ले तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर तंज कसा है।
पटना [जेएनएन]। राजधानी पटना में गश्त के दौरान एक पुलिसकर्मी को गोली मारकर अपराधी आराम से फरार हो गए। घटना को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर व्यंग्य किया है। तेजस्वी ने ट्वीट किया है कि बिहार में अपराधी पुलिस को गोली मार कर फरार हो जाते हैं, फिर भी कानून के नाम की छाती पीटी जा रही है।
तेजस्वी ने लिखा, 'बिहार में अपराधी पुलिस को ही गोली मार फरार हो गए। फिर भी छाती पीटेंगे कि कानून का राज है।' बिहार में सत्ताधारी भाजपा पर तंज कसते हुए लिखा कि इनका नेता 10 बच्चों को कुचल कर मार देता है, फिर भी पकड़ा नहीं जाता, सरेंडर करता है।
यह है घटना
गुरुवार देर शाम पटना के कंकड़बाग में क्विक मोबाइल के दो जवान अमरेश और अरुण गश्त कर रहे थे। सी दौरान पंचशिव मंदिर के पीछे से दो अपराधी गुजरे। जवानों ने उन्हें रोका तो उन्होंने फायरिंग कर दी।
घटना में जवान अमरेश घायल हो गया। अपराधी गोलीबारी करते हुए भाग गए।
बाद में कंकड़बाग थानाध्यक्ष ने घायल जवान को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उसके जबड़े व पीठ में गोली लगी है।