संविधान बचाओ न्याय यात्रा को ले छपरा पहुंचे तेजस्वी, कल सिवान में करेंगे जन संवाद
तेजस्वी यादव ने रविवार को अपनी संविधान बचाओ न्याय यात्रा का दूसरा चरण शुरू किया। इसमें उनके निशाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं।
पटना [जेएनएन]। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रविवार को 'संविधान बचाओ न्याय यात्रा' का दूसरा चरण छपरा से शुरू कर रहे हैं। वे नगर निगम के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस 11 दिवसीय यात्रा के तहत वे 12 जिलों में वर्तमान सरकार की विफलताओं से जनता को अवगत कराएंगे। इस यात्रा का समापन तीन नवंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के सम्मेलन के साथ होगा।
तेजस्वी यादव की यह यात्रा आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनावों को लेकर अहम मानी जा रही है। इसके माध्यम से राजद वोटों की गोलबंदी की कोशिश तो होगी ही, साथ-साथ पार्टी को जनता की नब्ज टटोलने में भी मदद मिलेगी।
जानिए तेजस्वी की 11 दिवसीय यात्रा का कार्यक्रम
राजद के जिला प्रवक्ता हरेलाल यादव ने बताया कि छपरा में जनसभा को संबोधित करने के बाद नेतागण सिवान प्रस्थान कर जायेंगे। तेजस्वी की यात्रा का पूरा कार्यक्रम जानिए यहां...
21 अक्टूबर: छपरा
22 अक्टूबर: सीवान
23 अक्टूबर: गोपालगंज
24 अक्टूबर: बेतिया
26 अक्टूबर: करपी (अरवल)
27 अक्टूबर: मोतिहारी
28 अक्टूबर: शिवहर और सीतामढ़ी
30 अक्टूबर: नवादा
01 नवंबर: जहानाबाद
02 नवंबर: बिहारशरीफ
03 नवंबर: पटना में अति पिछड़ा प्रकोष्ठ सम्मेलन