तेजस्वी का गिरिराज पर हमला, एक फीट लंबी चोटी रखने से कोई ज्ञानी नहीं बन जाता, नौकरियों पर ये बोले
Bihar Politics बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद का आशीर्वाद लेने दिल्ली गए हैं। वहां उन्होंने कहा है कि 10 लाख नौकरियों का जो वादा किया था उसपर कायम हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर जमकर निशाना साधा।
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Politics: बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Deputy CM Tejashwi Yadav) ने 10 लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा को मूर्त रूप देने की बात दोहराई है। कहा कि बिहार सबसे ज्यादा सरकारी नौकरी देने वाला राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि वादा किया था कि मुख्यमंत्री बनेंगे तो इतनी नौकरियां देंगे। लेकिन अभी तो हम डिप्टी सीएम हैं। फिर भी हम सरकार में हैं और अपने वादे पर कायम हैं। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो शेयर किए जाने पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह (Union Minister Giriraj Singh) पर जमकर हमला बोला। कहा कि जो वीडियो आपने शेयर किया है, उसे पूरा देखिये।
गिरिराज सिंह ने शेयर किया था वीडियो
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वीडियो शेयर किया था, जिसमें तेजस्वी यादव कह रहे हैं कि हमनें सीएम बनने पर 10 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। उस वीडियो का पूरा हिस्सा तेजस्वी ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। इसके ऊपर लिखा है, श्रीमान जी, इतना बेशर्म मत बनिए। एक फुट लंबी चोटी रखने से कोई ज्ञानी नहीं बन जाता, जैसे आप रखते हैं। आप लोगों की इन चिरकुट हरकतों, एडिटेड वीडियो और सड़क छाप बयानों की बदौलत ही भाजपा की यह दुर्दशा है। इन बेचारों का बिहार में कोई चेहरा ही नहीं।
बिहार के सेक्युलर सरकार के शीर्ष नेताओं ने हिंदू प्रतीक चिन्ह टीका-शिखा पर हमले शुरू कर दिए हैं।
View attached media content - Giriraj Singh (@girirajsingh) 12 Aug 2022
बिहार बनेगा सबसे ज्यादा सरकारी नौकरी देने वाला राज्य
दिल्ली में पिता से मिलने पहुंचे तेजस्वी ने मीडिया के साथ बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि हमनें वादा था 2020 में कि मुख्यमंत्री बनेंगे तो 10 लाख नौकरियां देंगे। लेकिन उपमुख्यमंत्री बने हैं तो भी हमारी जिम्मेदारी है। क्योंकि हम सरकार में हैं। हम इस मामले में काफी गंभीर हैं। हम इसे भूले नहीं हैं। एक महीने में आप देखेंगे कि बिहार सबसे ज्यादा सरकारी नौकरियां देने वाला राज्य बनेगा। इससे पहले उन्होंने अपनी बहनों से राखी भी बंधवाई। इसकी तस्वीरें भी उन्होंने ट्विटर पर शेयर की है।
मुख्यमंत्री से इस मामले पर हुई है चर्चा
डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी (CM Nitish Kumar) ने हमसे चर्चा की है। वे गंभीर हैं इस मामले में। ज्यादा से ज्यादा नौकरियां देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। फिलहाल ट्रस्ट वोट होना है। वह हो जाए। सरकार बन जाए तो फिर ये काम होगा लोगों के लिए। हमारे हाथों नहीं तो नीतीश कुमार के हाथों होगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें और खुशी होगी यह काम नीतीश जी के हाथों होगा तो।