मनचले युवकों को ऐसा सिखाया सबक कि उड़ गए होश, जानिए क्या किया पटना की इन महिलाओं ने
पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के घोसवरी में शौच के लिए गई महिलाओं के साथ शराब के नशे में धुत मनचलों ने छेड़खानी की। इसके बाद वे हद पार करने लगे। फिर तो महिलाओं ने शेरनी का रूप धारण कर लिया।
मोकामा (पटना), संवाद सूत्र। मंगलवार की रात घोसवरी के मालपुर गांव में शौच जा रहीं महिलाओं से मनचलों ने पुलिया पर छेड़खानी की। पहले तो महिलाओं ने उनकी हरकतों को नजरअंदाज किया। लेकिन जब बदमाशों ने महिलाओं का रास्ता रोक लिया तो फिर क्या था। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों को दबोच लिया।उनकी जमकर धुनाई कर दी। महिलाएं तब तक बदमाशों की धुनाई करती रहीं जब तक मनचले बेहोश नहीं हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया। दो भागने में सफल रहे। उनकी बाइक भी कब्जे में ले ली।
शराब के नशे में धुत थे तीनों मनचले
पिटाई करने के साथ पीडि़त महिलाएं शोर भी मचाती रहीं। इससे बड़ी संख्या में लोग जुट गए। किसी ने थाने को सूचना दे दी। आनन-फानन पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। तीन मनचलों को दबोच लिया गया। वहीं पुलिस के आने की भनक पाकर दो बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गए। पुलिस ने उनकी पहचान कर लेने का दावा किया है। गिरफ्तार तीनों मालपुर गांव के परमानंद कुमार, ओम पासवान व राहुल पासवान हैं। सभी शराब के नशे में धुत थे। थानाध्यक्ष संजीव मौआर ने महिलाओं की हिम्मत व पुलिस को सहयोग करने के लिए तारीफ की। अन्य महिलाओं को भी इनसे प्रेरणा लेने की बात कही। वरीय अधिकारी से दिशानिर्देश लेकर इन साहसी महिलाओं को एक समारोह में सम्मानित करने पर भी विचार चल रहा है।
लड़की से छेड़खानी मामले में पुलिस ने पूछताछ शुरू की
बाढ़ थाना की पुलिस ने पंचशील नगर मोहल्ले की एक लड़की के साथ छेड़खानी करने के मामले में एक युवक को भदौर थाना क्षेत्र से खोज कर लाया और उससे कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है पुलिस ने बताया कि युवक से सिर्फ पूछताछ की जा रही है ताकि अनुसंधान में सहयोग मिले बाद में इसे छोड़ दिया जाएगा।