हनुमानभक्त मोहम्मद तमन्ना को रामलला में दिखते हैं पैगंबर
सियाराम मय सब जग जानी करहु प्रणाम जोरी जुग पानी..
प्रभात रंजन, पटना। सियाराम मय सब जग जानी, करहु प्रणाम जोरी जुग पानी..। पूरे संसार में भगवान श्रीराम का निवास है। सभी में भगवान हैं और हमें सभी को हाथ जोड़कर प्रणाम करना चाहिए। रामलला सिर्फ हिदुओं के हीं नहीं बल्कि संपूर्ण मानव जाति के ईश्वर हैं। वह हमारे लिए पैगंबर हैं। ये कहना है शहर के मुस्लिम रामभक्त मोहम्मद तमन्ना का।
बिहार सरकार के पर्यटन विभाग में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी मोहम्मद तमन्ना की आस्था जितनी पैगंबर मोहम्मद में है, उतनी ही भगवान श्रीराम में है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का शिलान्यास होने पर मोहम्मद तमन्ना ने भी बुधवार को सरपेंटाइन रोड स्थित खुद के बनाये हनुमान मंदिर में भगवान राम के नाम के दीपक जलाये। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर बनने की खुशी है। भगवान राम ने हमारी विनती सुन ली।
1987 में हनुमानजी का बनवा चुके हैं मंदिर
मोहम्मद तमन्ना ने होटल कौटिल्य के सामने खुद की कमाई और चंदा से 1987 में हनुमानजी का मंदिर बनाया था। खुद के बनाए इस मंदिर में तमाम श्रद्धालुओं के साथ वह खुद भी रोजाना पूजा करते हैं। मंदिर की साफ-सफाई करते हैं और दीये भी जलाते हैं। उन्होंने मंदिर के पास कन्या कुमारी से लाया पीपल का पौधा लगाया है, जो अब वृक्ष बन चुका है। मंदिर के निर्माण में केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे धामों से लाये पत्थर लगाए हैं।
राम का चरित्र उतार लें तो नहीं रहेगा मनमुटाव
तमन्ना बताते हैं कि राम और रहीम में कोई अंतर नहीं है। मुस्लिम लोग जिस प्रकार रहीम से प्रेम करते हैं, उसी प्रकार वह राम से भी प्रेम करते हैं। राम का चरित्र अगर इंसान अपने अंदर उतार ले तो फिर समाज में जात-धर्म को लेकर कोई मनमुटाव नहीं होगा। देश की एकता बनी रहेगी। ऊपर वाले ने तो सबको इंसान बनाया है। धरती पर आकर हम धर्म और जाति में बंट गए हैं। सबसे बड़ा धर्म इंसानियत है।