विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सैयद मुश्ताक अली टी-20 : सचिन के तूफान में उड़ा बिहार, तमिलनाडु ने 99 रनों से रौंदा

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:51 PM (IST)

Syed Mushtaq Ali T20: सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में तमिलनाडु ने बिहार को 99 रनों से करारी शिकस्त दी। इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में बालासुब्रमण्यम सचिन को उनकी 83 रनों की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता

सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता

HighLights

  1. तमिलनाडु ने बिहार को 99 रनों के बड़े अंतर से हराया।

  2. बालासुब्रमण्यम सचिन ने 83 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच बने।

  3. तमिलनाडु ने 238 रन बनाए, बिहार 139 पर ऑल आउट।

जागरण संवाददाता, पटना। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित होलकर स्टेडियम में रविवार को खेले गए सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले में तमिलनाडु ने बिहार को 99 रनों से हरा दिया। तमिलनाडु से मिले 239 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार की पूरी टीम 15.5 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। तमिलनाडु के बालासुब्रमण्यम सचिन को शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सचिन ने 83 और अमित सात्विक ने बनाए 53 रन

पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज बालासुब्रमण्यम सचिन ने 41 गेंदों पर सात चौकों और पांच छक्कों की मदद से 83 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, अमित सात्विक ने 28 गेंदों में पांच चौकों और चार छक्कों की सहायता से 53 रन बनाए।

मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने भी दिखाया दम

मध्यक्रम में सी. आंद्रे सिद्धार्थ ने 34 और रितिक ईश्वरन ने महज 14 गेंदों पर 31 रनों का उपयोगी योगदान दिया। अंत में विकेटकीपर तुषार रहेजा तीन गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे। तमिलनाडु के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और बिहार के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

प्रशांत और नवाज को मिले दो-दो विकेट

बिहार की ओर से प्रशांत सिंह ने 47 रन देकर दो और नवाज खान ने 48 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं, मयंक कुमार ने 29 रन देकर एक तथा अभिजीत साकेत ने 43 रन देकर एक विकेट चटकाया। हालांकि, गेंदबाज तमिलनाडु के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करने से नहीं रोक सके।

बिहार की शुरुआत रही बेहद खराब

239 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की शुरुआत निराशाजनक रही। विकेटकीपर आयुष लोहारुका पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। बिपिन सौरभ भी एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आशीष कुमार ने 16 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए। पीयूष सिंह ने भी 27 रनों का योगदान दिया।

अल्तमश ने खेली 45 रनों की संघर्षपूर्ण पारी

मध्यक्रम में अल्तमश अशरफ ने 27 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 45 रन बनाए। तरुण कुमार सिंह ने 15 रन जोड़े। हालांकि, 123 रन के स्कोर पर छठे विकेट के रूप में कप्तान सूरज कश्यप (9) के आउट होते ही बिहार की पारी लड़खड़ा गई। टीम ने अंतिम पांच विकेट महज 16 रनों के भीतर गंवा दिए और पूरी पारी 139 रन पर समाप्त हो गई।

साई किशोर और मणिमारन ने झटके तीन-तीन विकेट

तमिलनाडु की ओर से कप्तान साई किशोर ने 16 रन देकर तीन और मणिमारन सिद्धार्थ ने 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। आर. राजकुमार ने दो विकेट चटकाए, जबकि गुरजपनीत सिंह और अतिसयराज डेविडसन को एक-एक सफलता मिली। इस तरह तमिलनाडु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 99 रनों से पराजित किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।