विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'धनकुबेर' निकला बिहार का सरकारी इंजीनियर: मुंबई में पत्नी के लिए फ्लैट; पनवेल में मां के नाम करोड़ों की जमीन

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:12 PM (IST)

लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के छह ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति मामले में एसवीयू ...और पढ़ें

इंजीनियर के पास चार करोड़ के जमीन-फ्लैट, 76 लाख के गहने भी मिले (AI Generated Image)

इंजीनियर के पास चार करोड़ के जमीन-फ्लैट, 76 लाख के गहने भी मिले (AI Generated Image)

HighLights

  1. अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के छह ठिकानों पर छापेमारी।

  2. चार करोड़ की जमीन-फ्लैट, 76 लाख के गहने बरामद।

  3. मां और पत्नी के नाम पर खरीदी गई अचल संपत्तियां।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के आरोप में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने शुक्रवार को लघु जल संसाधन विभाग के सारण में अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के छह ठिकानों पर छापामारी की। पटना, मुंबई, छपरा और गोपालगंज में की गई छापामारी में करीब चार करोड़ रुपये के जमीन और फ्लैट होने की जानकारी मिली है।

यह अचल संपत्तियां इंजीनियर की मां सुनैना देवी और पत्नी कंचन कुमारी के नाम पर खरीदी गई हैं। तलाशी के दौरान एक लाख 96 हजार नकद और 76 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, गाड़ी और महंगी वस्तुओं की खरीदारी से जुड़े बिल बरामद हुए हैं।

मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित एसबीआई ऑफिसर क्वार्टर में इंजीनियर की बहन सीमा कुमारी के आवास की भी तलाशी ली गई है।

एसवीयू के अनुसार, राजेंद्र कुमार वर्ष 2008 में सरकारी सेवा में आए। प्रथमदृष्टया इंजीनियर के पास कुल तीन करोड़ एक लाख 87 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति पाई गई है, जो उनके सरकारी वेतन एवं अन्य वैध आय के स्रोत से बहुत अधिक है।

आरोप है कि अवैध तरीके से अर्जित धन को बहन, बहनोई और मां के बैंक खातों के जरिए स्थानांतरित कर वैध दिखाने का प्रयास किया गया और इससे पटना, बिक्रम के बिंदौल, नवादा और मुंबई में अचल संपत्तियां खरीदी गईं।

एसवीयू को राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी कंचन कुमारी और मां सुनैना देवी के नाम एसबीआइ के छह खातों के अलावा अन्य बैंकों में खातों की जानकारी भी मिली है। इनमें बड़ी राशि जमा होने की संभावना जताई गई है।

देर शाम तक पटना के बेउर में महावीर कालोनी स्थित आवास की तलाशी जारी थी। एसवीयू के अनुसार, आगे और चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिलने की संभावना है।

मां के नाम पर पनवेल में 1.61 करोड़ की जमीन, पत्नी के नाम पर मुंबई में फ्लैट:

इंजीनियर की मां सुनैना देवी के नाम पर दस भूखंड की जानकारी मिली है। इसमें गोपालगंज के सिधवलिया के मुहम्मदपुर थाना अंतर्गत सात भूखंड, पटना के चितकोहरा में एक भूखंड, बेउर में दो मंजिला मकान और मुंबई के पास पनवेल में एक करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई 75 डिसमिल जमीन शामिल है।

वहीं, पत्नी कंचन कुमारी के नाम से मुंबई के नेरूल में ड्रीमवुड सोसाइटी में फ्लैट और बिक्रम के बिंदौल में दो भूखंड शामिल हैं। इसके अलावा कंचन और प्रिंस के संयुक्त नाम से नवादा में भी दो भूखंड बरामद किए गए हैं।

तलाशी में सोनपुर में करीब 18 लाख रुपये के प्लॉट से संबंधित दस्तावेज और एक अन्य प्लॉट की खरीद के लिए 39 लाख रुपये भुगतान की रसीद भी मिली है।

यह भी पढ़ें- लघु जल संसाधन विभाग के छपरा कार्यालय में SVU की रेड, इंजीनियर राजेंद्र कुमार रहे गैरहाजिर