चारा घोटाले में सरकार के पास पुख्ता सुबूत: सुशील मोदी
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट किया कि चारा घोटाले के पुख्ता सबूत बिहार सरकार की उन 60 फाइलों में मिले, जिन्हें सीबीआइ के तत्कालीन संयुक्त निदेशक ने छापा मार कर बरामद किया था।
पटना [राज्य ब्यूरो]। उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर चारा घोटाले में दोषी करार दिए गए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के खिलाफ नया खुलासा किया है।
उन्होंने लिखा है कि चारा घोटाले के पुख्ता सबूत बिहार सरकार की उन 60 फाइलों में मिले, जिन्हें सीबीआइ के तत्कालीन संयुक्त निदेशक ने छापा मार कर बरामद किया था। इन्हीं फाइलों में चारा ढोने वाली गाडिय़ों के नंबर भी दर्ज हैं। इनमें से कई नंबर स्कूटर या मोटर साइकिल के पाए गए।
लालू प्रसाद के खिलाफ साजिश का आरोप लगाने वाले बताएं कि क्या ये फाइलें भाजपा ने तैयार कराई थीं। मोदी ने लिखा है कि जो ईश्वर पर भरोसा करते हैं, वे बेनामी सम्पत्ति बनाने में सत्ता का दुरुपयोग नहीं करते।
सुशील मोदी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में तीन पर भाजपा विजयी रही। 60 सदस्यीय अरुणाचल विधानसभा की दो सीटें कांग्रेस से छीन कर वहां सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी संख्या 49 कर ली। पश्चिम बंगाल में पार्टी के वोट बढ़े। राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस की पराजय का सिलसिला थमने वाला नहीं है।