बोले सुशील मोदी: आतंकवाद को जड़ से उखाडऩे के लिए Article 370 हटाना जरूरी था
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को Article 370 की जंजीरों से आजाद कर केंद्र शासित प्रदेश बनाने का ऐतिहासिक फैसला आतंकवाद को जड़ से उखाडऩे के लिए जरूरी था।
पटना, राज्य ब्यूरो। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को Article 370 की जंजीरों से आजाद कर केंद्र शासित प्रदेश बनाने का ऐतिहासिक फैसला आतंकवाद को जड़ से उखाडऩे और स्थानीय लोगों को तेज विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए जरूरी था।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश, पूर्व वित्त मंत्री चिदम्बरम और दिग्विजय सिंह इस फैसले की आड़ में मुस्लिम समुदाय को सरकार के खिलाफ उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। मोदी ने कहा कुछ नेता कांग्रेस को स्वाधीन भारत की मुस्लिम लीग बनाने पर तुले हैं।
उन्होंने कहा जिस कश्मीर से रोज मरने-मारने की खबरें आती थीं, वहां एक सप्ताह से एक भी गोली नहीं चली और बकरीद जैसा त्योहार अमन-चैन से बीता। इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल सत्यपाल मलिक और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल बधाई के पात्र हैं। मोदी ने कहा जन्नत में बदलती कश्मीर घाटी कांग्रेस को बुरी क्यों लग रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने पर फिल्म, पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे उद्योगों का विकास होने से लोगों को रोजगार के मौके मिलेंगे, सरकारी कर्मचारियों की सुविधाएं बढ़ेंगी, दलितों के बच्चे अफसर बन सकेंगे, रिजर्वेशन का लाभ मिलेगा और पंचायत स्तर तक लोकतंत्र मजबूत होगा।
मोदी ने कहा कश्मीरियों की बेहतर जिंदगी के लिए 70 साल से बंद दरवाजे खोलने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न मिले, इसलिए कांग्रेस पूरे मामले को हिंदू-मुसलिम रंग देने पर तुली है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप