सुशील मोदी ने राजद पर किया हमला, कांग्रेस की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया पर भी बोले
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जिस राजद को अक्सर लोकतंत्र पर खतरा दिखने लगता है उसे पहले पार्टी में लोकतंत्र स्थापित करना चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी पर भी हमला किया।
पटना, राज्य ब्यूरो। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जिस राजद को अक्सर लोकतंत्र पर खतरा दिखने लगता है, उसे पहले पार्टी में लोकतंत्र स्थापित करना चाहिए। वे जब तक गंभीर रूप से बीमार, चारा घोटाला में सजायाफ्ता और चुनाव लडऩे के अयोग्य घोषित लालू प्रसाद की जगह किसी और को अध्यक्ष नहीं चुनते, तब तक पार्टीे एक लिमिटेड कंपनी की तरह ही काम करती रहेगी।
मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट करके कहा कि राजद का सदस्यता अभियान या संगठनात्मक चुनाव सिर्फ दिखावा है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में बिना सहयोगी दलों की राय के मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी एकतरफा घोषित करने वाले राजद में जब जिला प्रमुख के 48 में से 40 पदों पर एक खास वर्ग का कब्जा है और अतिपिछड़ा दलित को कुल सात पद दिये गए हैं, तब यह पार्टी किस आधार पर बिहार के सभी समुदायों का भरोसा जीत सकती है।
एक अन्य टवीट में मोदी ने कहा कि मोदी-2 के 100 दिन की उपलब्धियों से हतप्रभ सोनिया गांधी अब अपने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया और सड़क पर उतरने का आह्वान कर रही हैं , जबकि कांग्रेस के पास न विरोध करने के वाजिब मुद्दे हैं, न नैतिक आधार।