सुशील मोदी की अपील- राजद-कांग्रेस भी ह्यूमन चेन में हो शामिल
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राजद और कांग्रेस से भी दहेज व बाल विवाह के खिलाफ 21 जनवरी को आयोजित ह्यूमन चेन में भाग लेने की अपील की।
पटना [राज्य ब्यूरो]। उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा है कि भाजपा की राज्य से लेकर बूथ स्तर तक की सभी इकाइयां व कार्यकर्ता दहेज व बाल विवाह के खिलाफ 21 जनवरी को आयोजित ह्यूमन चेन में भाग लेंगे और दूसरों को भी शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। राजद, कांग्रेस सहित सभी विपक्षी पार्टियों से भी उन्होंने दलीय राजनीति से ऊपर उठ कर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ह्यूमन चेन में शामिल होने की अपील की है।
मोदी ने कहा है कि पिछले वर्ष विपक्ष में रहने के बावजूद शराबबंदी को सफल बनाने और जन जागरूकता के लिए आयोजित ह्यूमन चेन में भाजपा के राज्य से लेकर पंचायत स्तर तक के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया था। प्रधानमंत्री ने भी शराबबंदी का समर्थन किया था। लालू प्रसाद शराबबंदी के पक्ष में ह्यूमन चेन में तो शामिल हुए मगर बाद में प्रधानमंत्री और शराबबंदी का मजाक उड़ाने लगे थे।
दहेज और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति और इससे समाज को होने वाले नुकसान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए तमाम बिहारवासी अधिक से अधिक संख्या में ह्यूमन चेन में शामिल होकर न केवल इसे सफल बनायें बल्कि पिछले साल के रिकार्ड को भी तोड़ें।
बिहार के समग्र हित में राजद-कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों के नेता-कार्यकर्ता ह्यूमन चेन में शामिल हो कर आम जनता को बाल विवाह और दहेज जैसी कुप्रथा को 'ना' कहने के लिए प्रेरित करें। बिहार देश का पहला राज्य है जो आर्थिक प्रगति की दिशा में तेजी से आगे बढऩे के साथ ही सामाजिक कुरीतियों के खात्मे के लिए भी प्रयास कर रहा है। बाल विवाह को खत्म कर जहां हम महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करेंगे वहीं दहेज के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर अनेक जिन्दगियों और परिवारों को बर्बाद होने से बचा सकेंगे।