पटना में दिन में धूप ने दी राहत, शाम ढलते ही पारे ने छुआ 9.4 का आंकड़ा
पटना में ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में जहां धूप लोगों को राहत दे रही है वहीं शाम को पारे का आंकड़ा कम हो जा रहा है। सोमवार को पारा 9.4 पर पहुंच गया।
पटना, जेएनएन। राजधानी का मौसम बहुत तेजी से बदल रहा है। दिन में अच्छी धूप होने की वजह से वातावरण में गर्मी रह रही है, लेकिन शाम ढलते ही पारा अचानक गिर जा रहा है। सोमवार को पारे ने 9.4 आंकड़ा छू लिया है। मौसम ने एेसी करवट ली है कि शाम को दो घंटे के अंदर ही तापमान में लगभग 7 डिग्री सेल्सियस का अंतर आ रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार शाम को लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सूबे में सर्वाधिक कम तापमान गया में रिकार्ड किया गया।
गया रहा सूबे में सबसे ठंडा शहर
गया का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार को तापमान में और गिरावट आएगा। सुबह में धुंध छाए रहेगी लेकिन दिन चढऩे के साथ धुंध साफ हो जाएगी।