केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे से थानेदार हुआ नाराज, कहा- बेइज्जत क्यों करेंगे..देखें वीडियो
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के खिलाफ बक्सर के दारोगा ने लिखित शिकायत दर्ज करायी है। जिसमें मंत्री द्वारा दुर्व्यवहार और अपशब्द के प्रयोग का आरोप लगाया गया है।
पटना, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे (Ashwini Choubey) थानाध्यक्ष से इतने नाराज हो गए कि अपने जनता दरबार में थानाध्यक्ष को वर्दी उतरवाने और भविष्य खराब करने की तक की धमकी दे दी। इसपर थानाध्यक्ष ने थाने में मंत्री के खिलाफ दुर्व्यवहार और ग़लत ढंग से बात करने की शिकायत दर्ज करा दी है।
बता दें कि मंत्री अश्विनी चौबे ने सोमवार को बक्सर में अपने जनता दरबार में भाजपा के एक कार्यकर्ता लक्ष्मण दुबे द्वारा की गई शिकायत पर ओपी प्रभारी राजीव रंजन को बुलाकर सबके सामने जमकर फटकार लगायी। इतना ही नहीं, चौबे ने थानाध्यक्ष को वर्दी उतरवाने और भविष्य ख़राब करने की भी धमकी दे डाली थी। लक्ष्मण दुबे ने मंत्री से मदद मांगी थी। अश्विनी चौबे की पुलिस की धमकी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बक्सर के डुमरांव में कर रहे थे जनता दरबार कि पार्टी कार्यकर्ता का नाम गुंडा रजिस्टर में शामिल करने पर पुलिस पर भड़क गए केंद्रीय राज्य स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे। दारोगा को कहा- आपकी वर्दी उतर सकती है... देखें वीडियो#bihar #Aswinichoubey #buxar pic.twitter.com/WLDRvIG7ma — kajal lall (@lallkajal) September 25, 2019
केंद्रीय मंत्री ने पुलिस अफसर से पूछा कि क्या आपने गुंडा देखा है? पुलिस अफसर ने कुछ जवाब दिया तो मंत्री ने डांटकर उसे चुप करा दिया। फिर वहां एक मौजूद एक भाजपा कार्यकर्ता की ओर अंगुली दिखाते हुए पूछा- ये गुंडा है? 100 रुपए का नोटिस दिया है इनको।
अश्विनी चौबे ने आगे कहा, 'किसने कहा था तुमको ऐसा करने के लिए? बताओ? किसी को भी गुंडा बता देंगे आप। जो गुंडा है उसे आप गुंडागर्दी में पकड़िए। आपने इन्हें गुंडा बता दिया। नोटिस दे दिया। अभी उसी नोटिस के बदले आप पर कार्रवाई शुरू कर देंगे तो कहां जाएंगे? आपकी वर्दी उतर सकती है। उस नोटिस को वापस लीजिए।'
बहरहाल पुलिस का कहना हैं कि मंत्री ने जिस आक्रमकता से पुलिस अधिकारी से बात की, उस पर अभी मौन रह गये और आने वाले दिन में उनकी बदतमीज़ी और बढ़ सकती है। इसीलिए लिखित शिकायत की गई है।