BPSC TRE 4 को लेकर पटना में छात्रों का हंगामा: डाकबंगला चौराहे पर पुलिस से झड़प; एक छात्रा का सिर फटा
छात्रों ने बीपीएससी TRE 4 में पीटी-मेंस, निगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन ...और पढ़ें
HighLights
बीपीएससी TRE 4 मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन।
पुलिस ने वाटर कैनन, लाठीचार्ज कर छात्रों को रोका।
एक छात्रा घायल, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए।
जागरण संवाददाता, पटना। बीपीएससी TRE 4 से पीटी-मेंस, निगेटिव मार्किंग हटाने और शत-प्रतिशत डोमिसाइल को लेकर छात्रों ने मंगलवार को आंदोलन किया।
गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से बढ़े छात्रों को रोकने के लिए डाकबंगला चौराहे पर वाटर कैनन चलाया गया। पुलिस ने लाठियां भी चटकाई। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
प्रदर्शन के दौरान भाग्य भारती नामक छात्रा का सिर फट गया। उन्हें बेहोशी की हालत में न्यू गार्डिनर हॉस्पिटल इनकम टैक्स गोलंबर में भर्ती कराया गया है।

सीएम आवास पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गांधी मैदान के जेपी गोलंबर पर उन्हें रोकने के लिए की गई बैरिकेडिंग को छात्रों ने तोड़ दिया।
डाकबंगला चौराहे पर चलाया गया वाटर कैनन
बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहा पहुंच गए। वहां भी घेराबंदी तोड़ दी। हालांकि मेट्रो के लोहे की शील्ड के कारण छात्र वहां से आगे नहीं बढ़ पा रहे। पुलिस के समझाने का भी उनपर असर नहीं हो रहा।
इस बीच कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में पुलिस डाकबंगला चौराहे पर एक्शन मोड में दिखी।
कांग्रेस नेता सुशील कुमार, अमर आजाद, NSUI के जन्मेजय, संस्कार, हेमंत, मुकेश, नितेश, सौरभ, SSAI के सुमन शेखर राज, AISF के राज्य अध्यक्ष सुधीर, धनंजय, प्रीति, ऋषि, छात्र नेता प्रियंका झा, खुशबू पाठक, रणधीर, रणवीर
को गिरफ्तार किया गया।
सीआरपीएफ को उतारा गया शहर में
हालांकि जेपी गोलंबर के पास भी काफी प्रदर्शनकारियों काे रोका गया। पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की हुई। वे डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ने के प्रयास में थे।
इससे पहले बैरिकेडिंग के एक हिस्से को तोड़कर कुछ छात्र डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारी छात्रों को रोकने के लिए सीआरपीएफ को भी उतारा गया है।
ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के अमन गुट की ओर आहूत आंदोलन में छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें- BPSC TRE 4: पटना में पानी की बौछार के बीच तिरंगा लेकर डटे प्रदर्शनकारी, डाकबंगला पर बवाल; देखें तस्वीरें
