विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BPSC TRE 4: पटना में पानी की बौछार के बीच तिरंगा लेकर डटे प्रदर्शनकारी, डाकबंगला पर बवाल; देखें तस्‍वीरें

Published: Tue, 25 Aug 2026 12:58 PM (IST)

पटना में टीआरई-4 की एकल परीक्षा सहित अन्य मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। डाकबंगला चौराहे पर ...और पढ़ें

HighLights

  1. छात्रों ने टीआरई-4 एकल परीक्षा की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन किया।

  2. डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

  3. पानी की बौछार के बीच भी प्रदर्शनकारी तिरंगा लेकर डटे रहे।

जागरण संवाददाता, पटना। टीआरई-4 की एकल परीक्षा कराने समेत अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया।

गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। 

गांधी मैदान के आसपास प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा पार कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए।

यहां स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन चलाया। उसके बाद हल्‍का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। 

protest 2

वाटर कैनन के बीच तिरंगा लेकर डांस करते रहे प्रदर्शनकारी

पुलिस की ओर से पानी की बौछार किए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे। कई छात्र तिरंगा लेकर सड़क पर डांस करते और नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज बुलंद करते रहे।

छात्र टीआरई-4 में एकल परीक्षा कराने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उनकी मांगों पर सरकार और आयोग को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

protest 3

डाकबंगला पर अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डाकबंगला चौराहे पर आईजी जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन भीड़ के पीछे नहीं हटने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर किया। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

protest 4

पुलिस की बस के आगे खड़े हुए प्रदर्शनकारी

हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को बस से ले जाने के दौरान भी हंगामा जारी रहा। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस की बस के आगे खड़े हो गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें हटाकर बस को आगे बढ़ाया।

प्रदर्शन के कारण डाकबंगला चौराहे और आसपास के इलाकों में काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य करने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें- BPSC TRE 4 को लेकर पटना में छात्रों का हंगामा, गांधी मैदान की बैरिकेडिंग तोड़ी; डाकबंगला पर लाठीचार्ज