सोनपुर मेले में शाही ठाठ-बाट, 6 हजार में कपल को लग्जरी स्विस कॉटेज में ठहरने का मौका
सोनपुर मेला इस बार पशु बाजार के साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का केंद्र बनेगा, जिसमें पर्यटकों के लिए किफायती सफर ...और पढ़ें

तीन हजार में लग्जरी कॉटेज
HighLights
सोनपुर मेले में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विस्तार।
किफायती सफर से लग्जरी स्विस कॉटेज तक की सुविधा।
बिहार पर्यटन निगम ने आकर्षक टूर पैकेज किए तैयार।
जागरण संवाददाता, पटना। सोनपुर मेला इस बार सिर्फ पशु बाजार, ग्रामीण उत्पादों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यटन की आधुनिक सुविधाओं के लिए भी खास होगा। मेले में आने वाले पर्यटकों को किफायती सफर से लेकर लग्जरी ठहराव तक की सुविधा मिलेगी। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने 22 नवंबर से शुरू हो रहे हरिहर क्षेत्र मेले के लिए अलग-अलग बजट के टूर पैकेज तैयार किए हैं।
पटना से महज 900 रुपये में आने-जाने की सुविधा मिलेगी, जबकि छह हजार रुपये में दो लोगों के लिए विशेष कपल पैकेज उपलब्ध होगा। पर्यटक ग्राम में मिनी दरबारी और राजवाड़ी नाम से वातानुकूलित स्विस कॉटेज भी तैयार किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सोनपुर मेले को पारंपरिक आयोजन के साथ आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
900 रुपये में एसी बस से सोनपुर मेले की सैर
मेले तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को निजी वाहन और पार्किंग की परेशानी नहीं उठानी होगी। पर्यटन निगम ने पटना के तीन स्थानों से विशेष वाहनों की व्यवस्था की है। वीरचंद पटेल पथ, दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन और कौटिल्य विहार से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक सोनपुर के लिए वाहन उपलब्ध रहेंगे। पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार वाहन चुन सकेंगे।
एसी बस से इनोवा तक, किराया भी अलग-अलग
पर्यटकों के लिए एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने का किराया प्रति व्यक्ति 900 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, एसी ट्रैवलर के लिए 950 रुपये, इनोवा के लिए 1100 रुपये और इटियोस के लिए 1300 रुपये देने होंगे। इससे परिवार और दोस्तों के साथ मेले की सैर करने वालों को अपनी सुविधा के अनुसार सफर का विकल्प मिलेगा।
छह हजार में दो लोगों के लिए पूरा टूर पैकेज
इस बार पर्यटन निगम ने कपल टूरिज्म को भी ध्यान में रखा है। छह हजार रुपये प्रति कपल का विशेष पैकेज तैयार किया गया है। इसमें इटियोस एसी वाहन से भ्रमण, होटल में ठहरने और टूरिस्ट गाइड की सुविधा शामिल है। इसके साथ ब्रेकफास्ट, लंच, स्नैक्स और डिनर भी पैकेज का हिस्सा होंगे। यानी दो लोगों को सफर, भोजन और ठहराव के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं करनी होगी।
तीन हजार में लग्जरी कॉटेज में एक रात का ठहराव
सोनपुर मेले में रात बिताने वाले पर्यटकों के लिए पर्यटक ग्राम नया आकर्षण बनेगा। यहां मिनी दरबारी और राजवाड़ी नाम से लग्जरी स्विस कॉटेज तैयार किए जा रहे हैं। इनमें वातानुकूलित कमरे, बाथरूम, 24 घंटे बिजली-पानी, भोजन और सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी।
भारतीय पर्यटकों के लिए एक रात का किराया तीन हजार रुपये, जबकि विदेशी पर्यटकों के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इससे पर्यटकों को मेले की भीड़-भाड़ से अलग आरामदायक ठहराव मिल सकेगा।
पशु बाजार से आगे पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में पहचान
गंगा और गंडक के संगम पर लगने वाला सोनपुर मेला बिहार की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान से शुरू होने वाले इस मेले में पशु बाजार, ग्रामीण उत्पाद, खानपान और मनोरंजन की गतिविधियां पूरे एक महीने तक चलती हैं।
देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में परिवहन और ठहरने की आधुनिक सुविधाएं मेले को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में मददगार हो सकती हैं।
वेबसाइट से होगी बुकिंग, फोन पर भी मिलेगी जानकारी
पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टूर पैकेज और कॉटेज की बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा 8544418314 पर संपर्क कर किराया, उपलब्धता और सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।