22 नवंबर से सजेगा विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला, CM सम्राट चौधरी कर सकते हैं उद्घाटन; परंपरा और आधुनिकता का दिखेगा संगम
विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कर सकते हैं। इस बार मेला परंपरा और आधुनिकता का संगम होगा, जिसमें लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्विस कॉटेज जैसे आकर्षण होंगे।

स्विस कॉटेज में ठहरने की मिलेगी सुविधा
HighLights
मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा, सीएम सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन।
परंपरा और आधुनिकता का संगम, लाइट एंड साउंड शो मुख्य आकर्षण होगा।
पर्यटकों के लिए स्विस कॉटेज, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज की व्यवस्था की गई।
राज्य ब्यूरो, पटना। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 22 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर तक चलेगा। 32 दिवसीय इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कर सकते हैं। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार मेला परंपरा और आधुनिकता के संगम के रूप में सजेगा। लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे।
स्विस कॉटेज में ठहरने की मिलेगी सुविधा
मेले में आने वाले पर्यटकों के ठहरने और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्विस कॉटेज का निर्माण कराया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) को सौंपी गई है। इसके साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में दिखेगी देशभर की कला
मेले में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज विकसित किया जा रहा है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले शिल्पकारों और कलाकारों को अपनी कलाकृतियां, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे मेले में आने वाले पर्यटकों को देश की विविध कला और संस्कृति को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
पर्यटन विभाग का बनेगा विशेष पवेलियन
मेले में पर्यटन विभाग की ओर से विशेष पवेलियन तैयार किया जाएगा। इसमें पर्यटकों की सुविधा के लिए सूचना केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के स्टाल भी लगाए जाएंगे। यहां पर्यटकों को मेले और पर्यटन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
भागवत कथा से गंगा आरती तक होंगे आयोजन
गंगा और गंडक नदियों के संगम क्षेत्र में लगने वाला हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एशिया के सबसे बड़े और प्रसिद्ध पशु मेलों में शामिल है। इस बार भी मेले में भागवत कथा, रामलीला और गंगा आरती जैसे धार्मिक आयोजन होंगे। इसके साथ ही नौका दौड़, कुश्ती और पतंगबाजी जैसी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
लोक संस्कृति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी रौनक
मेले में लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलाकारों के चयन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को सौंपी गई है। लाइट एंड साउंड शो और पारंपरिक आयोजनों के जरिए मेले को खास बनाने की तैयारी है। 22 नवंबर से शुरू होने वाला यह आयोजन 23 दिसंबर तक देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।