विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आरक्षण पर दिल्‍ली व नागपुर में चल रहा मैच फिक्सिंग का खेल : सोनिया

By Amit AlokEdited By:
Published: Sat, 03 Oct 2015 07:18 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 04 Oct 2015 07:45 AM (GMT+05:30)

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को महागठबंधन के प्रत्याशियों के प्रचार के लिए एक दिन के चुनावी दौरे पर बिहार पहुंचीं। उन्‍होंने भागलपुर के कहलगांव तथा गया के वजीरगंज में चुनावी जनसभाएं कीं। इनमें उन्‍होंने केंद्र की मोदी सरकार को जमकर लताड़ा।

News Article Hero Image

टीम जागरण, पटना। बिहार में अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर प्रहार किए। भगवान बुद्ध की धरती गया के वजीरगंज और भागलपुर के कहलगांव में शनिवार को आयोजित जनसभाओं में कहा कि प्रधानमंत्री बात तो विकास की करते हैं, लेकिन उन्होंने अपने मंत्रियों को झूठ बोलने की खुली छूट दे रखी है।

सोनिया ने महंगाई, रोजगार, नौकरीपेशा और किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस और भाजपा शासन में अंतर को गिनाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, मोदी के पैकेज में असलियत कम, धोखा ज्यादा है। भाजपा व आरएसएस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, आरक्षण के मुद्दे पर दिल्ली व नागपुर में मैच फिक्सिंग का खेल चल रहा है।

उन्होंने भगवान बुद्ध की भूमि पर मोदी को राजनीतिक शुचिता का भी ख्याल रखने की नसीहत दी। कहा, प्रधानमंत्री विदेश जाकर देश के सम्मान का ख्याल नहीं करते। राजनीतिक विरोधियों पर कीचड़ उछालते हैं, जबकि हमने ऐसा नहीं किया। कहा, मगध की शांति भूमि पर समाज को बांटने वाली ताकतें सक्रिय हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए सोनिया ने कहा कि उनकी छवि साफ-सुथरी है। महागठबंधन की ओर से नीतीश ही मुख्यमंत्री के उम्मीदवार हैं। हम राजद प्रमुख लालू प्रसाद और जदयू प्रमुख शरद यादव के साथ मिलकर बिहार का विकास करेंगे।

सोनिया ने एक नारा भी उछाला-बहुत हुई महंगाई की मार, वाह रे मोदी सरकार। भाजपा के वादों की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी की बातें ऊंची और वादे खोखले हैं। उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। चाहे विदेशों से कालाधन लाने की बात हो या रोजगार दिलाने की।

कांग्रेस और भाजपा में फर्क बताते हुए कहा कि हमारे लिए चुनावी वादे जुमले नहीं होते। हम जो कहते हैं, करते हैं। मोदी बाद में उसे जुमला करार देते हैं। मोदी इस बार फिर वादे कर रहे हैं। क्या वह पूरा करेंगे कि चुनाव बाद उसे भी जुमला बता देंगे?

बेरोजगारी के मुद्दे पर सोनिया ने कहा कि मोदी देश में ऐसा कानून लाना चाहते हैं, जिसमें लूट की छूट हो। रेलवे जैसे महत्वपूर्ण विभाग का भी वे निजीकरण करना चाहते हैं। ऐसा हुआ तो लाखों लोग बेरोजगार हो जाएंगे।

कहा, केंद्र सरकार की नीतियों से बैंक से लेकर फैक्ट्रियों के कर्मचारियों तक परेशान हैं। महंगाई के लिए केंद्र को जिम्मेदार बताते हुए सोनिया ने कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी में आम आदमी परेशान है, लेकिन मोदी चैन की नींद सो रहे हैं।

सोनिया ने कहा कि दाल महंगी हो गई है, किंतु आयात पर सब्सिडी देकर बिचौलियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। बुनकरों की उपेक्षा हो रही है। विश्व बाजार में पेट्रोलियम की कीमतें लगातार घट रही हैं, लेकिन देश में बढ़ रही हैं।

वजीरगंज में कांग्रेस प्रत्याशी अवधेश सिंह के पक्ष में सभा को बिहार प्रभारी सीपी जोशी, प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी और प्रत्याशी अवधेश सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन जिलाध्यक्ष चंद्रिका यादव ने किया।

कहलगांव से पार्टी प्रत्याशी सदानंद सिंह के समर्थन में चुनावी सभा में आरक्षण पर संघ प्रमुख बयान की ओर इशारा करते हुए सोनिया ने कहा कि नागपुर और दिल्ली के बीच मैच फिक्सिंग का खेल चल रहा है। आरएसएस और भाजपा विरोधाभासी बयान देकर लोगों को बरगला रहे हैं।

आरक्षण पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़ों को मुख्य धारा से जोडऩे के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। पिछड़ों को आरक्षण देने पर हम अडिग हैं और भी रहेंगे। उन्होंने आरोप जड़ा कि जिस राज्य में गैर भाजपा सरकार है, वहां की जनता के साथ मोदी सरकार भेदभाव कर रही है।

कहा, मोदी देश में कम और विदेश में ज्यादा रहते हैं। विदेश जाकर बड़े-बड़े लोगों को गले लगाना उनका शौक बन चुका है। कभी जनता की दुख-तकलीफों को गले नहीं लगाया।

भाजपा गठबंधन को 'कहीं का ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा' से परिभाषित करते हुए सोनिया ने घटक दलों के नेता रामविलास पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी पर भी प्रहार किया। मंच पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ सीपी जोशी और डॉ शकील अहमद, राष्ट्रीय सचिव परेश धनानी भी थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।