पटना अंचल कार्यालय के सुस्त सर्वर ने बढ़ाई परेशानी, एक घंटे में जमा हो रहे पांच आवेदन
पटना सदर अंचल कार्यालय के धीमे सर्वर ने छात्रों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। एक घंटे में एक काउंटर पर महज पांच आवेदन जमा हो पा रहे हैं। सहूलियत के लिए यहां पांच काउंटर हैं जबकि पहले एक दिन में 500 आवेदन जमा होते थे।
मृत्युंजय मानी, पटना: राजधानी के पटना सदर अंचल कार्यालय के धीमे सर्वर ने छात्रों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। एक घंटे में एक काउंटर पर महज पांच आवेदन जमा हो पा रहे हैं। सहूलियत के लिए यहां पांच काउंटर हैं, जबकि पहले एक दिन में 500 आवेदन जमा होते थे। इस बीच एक सप्ताह से सर्वर काफी धीमा हो गया है। काउंटर पर कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ रही हैं। दूसरे में सटकर कर छात्र कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।
छात्र जाति, आवासीय, आय, आर्थिक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रतिदिन काउंटरों पर आ रहे हैं। समय समाप्त होने के बाद छात्र लौट जाते हैं। काउंटर 10.30 बजे से शाम 5.00 बजे तक खुला रहता है। 3.00 बजे से 3.30 बजे के बीच लंच रहता है। आवेदन जमा करने में 12 से 20 मिनट तक लग जा रहे हैं। कभी-कभी स्थिति सामान्य हो पाती है। बता दें कि सामान्य प्रशासन विभाग सर्वर का संचालन करता है, लेकिन इस बीच आरटीपीस काउंटरों की रफ्तार धीमी हो गई है।
गायघाट से आई राशि कुमारी बताती हैं, जाति प्रमाण पत्र लेने के लिए मैं 10.00 बजे आई हूं। 12.30 बज रहे हैं पर अभी भी समय लगेगा। इसके पहले दिनभर में कतार में लगने के बाद लौटना पड़ गया था। सर्वर धीरे-धीरे चल रहा है। कुम्हरार से आए सुबोध कुमार ने बताया कि सुबह 9.30 बजे आकर कतार में लगा हूं। 12.45 बजे काउंटर पर आ गया हूं। जाति, आवास और आय प्रमाण पत्र बनवाना है। पहले यहां आकर लौट चुका हूं। बड़ी बात ये है कि शनिवार को घंटों मशक्कत के बाद कामयाबी मिली है। इंद्रपुरी के अमित कुमार बताते हैं कि 11.00 बजे आया हूं। कतार में लगा हूं। आज मेरा प्रमाण पत्र बनाने के लि आवेदन जमा हो जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि ऐसा हाल राज्य के हर अंचल में है। सर्वर जभी-तभी तेज रफ्तार पकड़ता है। धीमा सर्वर से कर्मियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।