Lok Sabha Election 2019: सिवान ने हिना व कविता की लिख दी किस्मत, 23 मई को खुलेगा राज
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सिवान में 2014 की तरह ही वोटिंग हुई। 2014 में भी लगभग 57 फीसद वोट पड़े थे और इस बार भी उतना ही रहा। लेकिन पहली बार यहां से कोई महिला सांसद बनेगी।
सिवान [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सिवान में 2014 की तरह ही वोटिंग हुई। 2014 में भी लगभग 57 फीसद वोट पड़े थे और इस बार भी उतना ही रहा। सिवान में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। सिवान में हिना शहाब और कविता सिंह के बीच सीधी लड़ाई है। कोई भी जीते, लेकिन इस बार सिवान की सांसद कोई महिला ही बनेगी। अब 23 मई को काउंटिंग में ही पता चलेगा कि कौन सी महिला की किस्मत चमकी।
सिवान में मतदान केंद्रों पर सुबह-सकारे ही मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। महिला और पुरुष अलग-अलग कतार में अपनी अपनी पारी का इंतजार कर रहे थे। सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक बेरोकटोक चलता रहा। गर्म हवा के थपेड़े और चिलचिलाती धूप ने व्यवधान की भरसक कोशिश की, लेकिन मतदाता नहीं चूके। रोजदार आखिरी समय तक मतदान करते दिखे।
संसदीय क्षेत्र में हर बार की तरह इस बार फिर भी एनडीए और महागठबंधन के प्रत्याशियों के बीच ही कांटे की टक्कर मानी जा रही है। बहरहाल मतदाताओं ने उनकी किस्मत तय कर दी है। अब 23 मई को पता चलेगा कि सिवान किस पर निहाल हुआ है। कविता और हिना के अलावा भाकपा माले के अमरनाथ यादव भी उम्मीद पाले हुए हैं। अब तक के चुनावों में यहां माले की जबरदस्त मौजूदगी रहती आई है। उसके आधार वोट जीत-हार की दिशा तय करते रहे हैं।
2014 के नतीजे
ओमप्रकाश यादव (भाजपा): 372670
हिना शहाब (राजद): 258823
अमरनाथ यादव (भाकपा): 81006
मनोज ङ्क्षसह (जदयू): 79239
जीत-हार का अंतर : 113847
2009 के नतीजे
ओमप्रकाश यादव (निर्दलीय) : 236000
हिना शहाब (राजद): 172000
अमरनाथ यादव (भाकपा): 71000
जीत हार का अंतर : 64,000
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप