महिला हैंडबॉल के फाइनल में सिवान ने मारी बाजी
मनेर के शेरपुर में चल रही आठवीं बिहार सीनियर वोमेन हैंडबॉल चैंपियनशिप का फाइनल खेला गया
पटना। मनेर के शेरपुर में चल रही आठवीं बिहार सीनियर वोमेन हैंडबॉल चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में सिवान ने बेगूसराय को कड़ी शिकस्त देते हुए मैच अपने कब्जे में कर लिया। इंदर सिंह उच्च विद्यालय मैदान पर चल रहे फाइनल मुकाबले में बेगूसराय की टीम ने 18 गोल किए। वही सिवान की टीम ने 26 गोल दागे। बेस्ट प्लेयर का खिताब सिवान की खुशबू कुमारी को मिला जबकि बेस्ट गोलकीपर के लिए बेगूसराय की ऋतु प्रिया पुरस्कृत की गई। विजेता टीम के खिलाड़ियों को खेल मंत्री प्रमोद कुमार ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में नवादा को सिवान ने 2 के मुकाबले 11 गोल से, जबकि एकलव्य सिवान को बेगूसराय ने 4 के मुकाबले 9 से पराजित किया।
खेलकूद से सामाजिक समरसता के साथ बौद्धिक क्षमता में भी वृद्धि
शेरपुर इंदर सिंह उच्च विद्यालय में चल रहे आठवीं बिहार सीनियर वोमेन हैंडबॉल चैंपियनशिप के समापन सह फाइनल प्रतियोगिता समारोह में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि खेलकूद से सामाजिक समरसता के साथ ही बौद्धिक क्षमता का भी विकास होता है। किसी भी परिवार का सदस्य आइएएस या आइपीएस बनता है तो वह अपने गाव शहर का नाम राज्य या पूरे देश में ही रौशन कर पाता है, लेकिन कोई बेटी खेल में पीटी ऊषा, साइना नेहवाल, सानिया मिर्जा बनती है तो उसका नाम, उसके गाव, परिवार एवं राज्य में ही नही पूरे विश्व में रोशन हो जाता है। मौके पर पूर्व विधायक प्रो. सूर्यदेव त्यागी, भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद, पूर्व मुखिया कृष्ण मुरारी शर्मा, रवि रंजन शर्मा, हरिवंश शर्मा, वेंकटेश शर्मा आदि मौजूद थे।