विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक जगह चली गोली, दूसरी जगह मिले तीन घायल; सिवान फायरिंग कांड में पुलिस के दावे से बढ़ा रहस्य

Published: Mon, 27 Jul 2026 07:04 PM (IST)

पुलिस के अनुसार सिवान के जेपी चौक पर हवाई फायरिंग से कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घटनास्थल से दूर तीन युवक घायल मिले।

हवाई फायरिंग और घायलों के बीच कनेक्शन तलाश रही पुलिस

हवाई फायरिंग और घायलों के बीच कनेक्शन तलाश रही पुलिस

HighLights

  1. पुलिस ने जेपी चौक पर हवाई फायरिंग का दावा किया।

  2. घटनास्थल से डेढ़-दो किमी दूर तीन युवक घायल मिले।

  3. सिपाही निलंबित, पुलिस घायलों के कारणों की जांच कर रही।

राज्य ब्यूरो, पटना। सिवान के जेपी चौक पर 25 जुलाई को हुई फायरिंग की घटना को लेकर बिहार पुलिस ने बड़ा दावा किया है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, जिस स्थान पर सिपाही ने चार राउंड हवाई फायरिंग की थी, वहां किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

इसके बावजूद घटना के दौरान तीन युवक घायल मिले। खास बात यह है कि तीनों घायल जेपी चौक से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर अलग-अलग स्थानों पर पाए गए। ऐसे में अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

जेपी चौक पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को घेरा

पुलिस मुख्यालय ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि 25 जुलाई को सिवान शहर के जेपी चौक पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया था।

इस दौरान जान-माल और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए वहां तैनात सिपाही अभिषेक कुमार ने अपनी रायफल से चार राउंड हवाई फायर किए।

पुलिस का दावा है कि इस फायरिंग से मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

हाफिज चौक पर मिले दो घायल, घटनास्थल से 1.5 किमी दूर

पुलिस के अनुसार, घटना में घायल 17 वर्षीय मो. आरिफ और 22 वर्षीय आकाश कुमार हाफिज चौक पर मिले।

यह स्थान जेपी चौक से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। वहीं, 20 वर्षीय बुलेट कुमार गौड़ ट्रैफिक थाना के पास घायल अवस्था में मिला, जो जेपी चौक से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। तीनों को अलग-अलग स्थानों से अस्पताल पहुंचाया गया।

तीनों को पहले सदर अस्पताल, फिर पटना भेजा गया

घायल तीनों युवकों को इलाज के लिए पहले सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल भेजा गया।

डॉक्टरों ने तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस के अनुसार, मो. आरिफ को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।

हवाई फायरिंग और घायलों के बीच कनेक्शन तलाश रही पुलिस

घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि पुलिस के अनुसार हवाई फायरिंग वाले स्थान पर कोई घायल नहीं हुआ, जबकि तीन युवक घटनास्थल से काफी दूर घायल मिले।

ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों युवक किन परिस्थितियों में घायल हुए। जांच में उनके बयान और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सिपाही निलंबित, तीन प्राथमिकी दर्ज

पुलिस मुख्यालय ने हवाई फायरिंग करने वाले सिपाही अभिषेक कुमार को निलंबित कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

वहीं, तीनों घायलों के बयान के आधार पर सिवान नगर थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- चार राउंड फायरिंग... तीन घायल, सिपाही निलंबित; अब बिहार पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल- आखिर लगी किसकी गोली?

यह भी पढ़ें- बिहार बंद हिंसा: सिवान में AK-47 से फायरिंग करने वाला पुलिस कर्मी सस्‍पेंड, विभागीय जांच शुरू