बिहार में जेल रेड के बीच सड़क पर लूट, सिवान में बदमाशों ने CSP संचालक से लूटे 10 लाख
बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक्शन मोड में आने के बाद 13 जिलों की जेलों में छापेमारी हुई। इसी ...और पढ़ें
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर 13 जिलों में जेल छापेमारी।
सिवान में सीएसपी संचालक से करीब 10 लाख रुपये लूटे गए।
पांच बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया।
जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री बनते ही सम्राट चौधरी एक्शन मोड में हैं। इस क्रम में शुक्रवार सुबह बिहार के अलग-अलग 13 जिलों की जेलों में सघन छापेमारी की गई, लेकिन अपराधियों का हौसला कमजोर नहीं पड़ रहा।
सिवान में अपराधियों ने सीएसपी संचालक से करीब 10 लाख रुपये लूट लिए। घटना सिवान के लकड़ी नबीगंज के बसौली मार्ग की है।
घर से सीएसपी जाते समय वारदात
बसौली शिव मंदिर स्थित नवनिर्मित पुल के नीचे से नबीगंज बाजार निवासी गौतम प्रसाद के पुत्र गोविंद कुमार उर्फ प्रिंस कुमार अपनी बाइक से जा रहे थे।
रुपये का बैग उन्होंने कांधे पर टांग रखा था। बसौली शिव मंदिर खाड़ी नवनिर्मित पुल के नीचे डायवर्सन पर दो बाइक सवार पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।
देसी कट्टा और पिस्तौल कनपटी पर सटाते हुए प्रिंस का बैग छीन लिया। उसमें रखे 9 लाख 47 हजार रुपए लूट लिए। बाइक की चाभी और मोबाइल भी छीन लिया।
सुबह 8:30 बजे की है घटना
इसके बाद अपराधी बसौली मार्ग की तरफ भाग निकले। घटना करीब 8:30 बजे सुबह की बताई जाती है। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण पहुंचे।
स्थानीय थानाध्यक्ष कृष कुमार शुक्ला, महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार, गोरिया कोठी थानाध्यक्ष मनीष कुमार, बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार भगवानपुर भी पहुंचे।
अपराधियों की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी। लोगों का कहना था कि इस क्षेत्र में ऐसी घटना नहीं हुई थी। लोग काफी गुस्से में हैं।
