विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक, बिहार में जगह-जगह बनेगी टेंट सिटी; भागलपुर में बनेंगे स्विस कॉटेज

Published: Wed, 10 Jun 2026 08:06 PM (GMT+05:30)

श्रावणी मेले की तैयारी शुरू हो गई है, जो 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा। कांवड़ियों के लिए टेंट ...और पढ़ें

श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक, बिहार में जगह-जगह बनेगी टेंट सिटी (AI Generated Image)

श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक, बिहार में जगह-जगह बनेगी टेंट सिटी (AI Generated Image)

HighLights

  1. श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होगा।

  2. कांवड़ियों के लिए कई स्थानों पर टेंट सिटी बनेंगी।

  3. टेंट सिटी में जीविका रसोई व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। श्रावणी मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने श्रावणी मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इसमें भागलपुर, मुंगेर और बांका के जिला पदाधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से जुड़े।

पर्यटन सचिव ने कहा कि श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त के मध्य आयोजित किया जाना है। इस दौरान कांवड़ियों के लिए टेंट सिटी, शौचालय, स्नानघर, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं, कांवर स्टैंड, सूचनाएं और मनोरंजन आदि की व्यवस्था की जानी है।

श्रावणी मेला पथ को पूरी तरह शिवमय बनाने के लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर कार्य को शीघ्र अंतिम रूप दें। बाबा अजगैबीनाथ मंदिर, सुल्तानगंज से बिहार सीमा दुम्मा तक मेला पथ में जगह-जगह भव्य गेट, विशेष लाइटिंग, साज-सज्जा की जाए।

अजगैबीनाथ, सुल्तानगंज में इस बार 500 बेड, बांका जिलान्तर्गत अबरखा में 600 बेड, पहली बार धौरी में 200 बेड, गोड़ियारी में 250 बेड, मुंगेर के खैरा में 200 बेड, धोबई में 200 बेड के साथ पहली बार असरगंज में 300 बेड, तारापुर में 200 और संग्रामपुर में 200 के बेडयुक्त टेंट सिटी का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है। इस बार सभी टेंट सिटी में जीविका दीदी की रसोई की व्यवस्था की जाएगी।

भागलपुर में बनेगा स्विस कॉटेज, टेंट सिटी में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम:

सभी टेंट सिटी में पूरे मेला अवधि में टेंट सिटी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सचिव ने निदेश दिया कि श्रावणी मेला के शुभारंभ और समापन के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के कलाकार की प्रस्तुति होगी, वहीं आवासन के लिए बनाए गए सभी टेंट सिटी में प्रत्येक सोमवार को राज्यस्तरीय कलाकार और बाकी दिनों में जिलास्तरीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी।

कलाकारों के चयन के लिए उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति के गठन के निदेश दिए। भागलपुर में सोनपुर मेला की तरह 25 स्विस कॉटेज का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन जमीन देगा।

बैठक में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव उदयन मिश्रा, जीविका के सीइओ हिमांशु शर्मा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के महाप्रबंधक चंदन चौहान आदि उपस्थित थे।