शॉटगन का BJP पर नया शॉट, नोटबंदी के बाद जीएसटी को बताया 'नीम पर करेला'
भाजपा सांसद व सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा (शॉटगन) का नया शॉट फिर पार्टी के खिलाफ ही है। उन्होंने नोटबंदी के बाद जीएसटी को 'नीम पर करेला' बताया है।
पटना [जेएनएन]। सिने स्टार एवं भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर पार्टी लाइन से बाहर गए हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद जीएसटी नीम पर करेला जैसा साबित हो रहा है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा करोड़ों लोगों को रोजगार का वादा किया गया था, लेकिन महज दो-चार लाख लोगों को रोजगार मिला होगा। सरकार की नीतियों से किसान से लेकर कॉरपोरेट तक सब परेशान हैं। नोटबंदी से लाखों बेरोजगार हो गए हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा ने ये बातें बख्तियारपुर के टेका बिगहा में पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के फतुहा और बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों की बैठक में कही। सांसद ने कहा कि कुछ लोग उनके टिकट को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। टिकट मुझे मिले या ना मिले, यह आलाकमान तय करेगा। लेकिन, इस बार भी चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा, ''कई पार्टियों के लोग बुला रहे हैं लेकिन मैं भाजपा का सिपाही हूं और भाजपा में ही रहूंगा।''
मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उनकी कार्यप्रणाली में कोई गड़बड़ी हुई होगी तो उसे दूर किया जाएगा। आज बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य की स्थिति जर्जर है। कहा कि वे बिहार को विकसित प्रदेश बनाएंगे। शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा कि आज तक उनपर भ्रष्टाचार का कोई आरोप भी नहीं लगा है।