पीएम पर बरसीं शबाना आजमी, कहा- मोदी सरकार में बेरोजगारी और गरीबी बढ़ी
सीपीआई प्रत्याशी कन्हैया कुमार के समर्थन में गुरुवार को सिने अभिनेत्री शबाना आजमी बेगूसराय पहुंचीं। वे मोदी सरकार पर जमकर बरसीं। कहा- कन्हैया
बेगूसराय, जेएनएन। सीपीआई प्रत्याशी कन्हैया कुमार के समर्थन में गुरुवार को सिने अभिनेत्री शबाना आजमी बेगूसराय पहुंचीं। वे मोदी सरकार पर जमकर बरसीं। शबाना को सुनने के लिए काफी भीड़ जुटी थी। शबाना ने बेगूसराय के फुलवरिया और बलिया में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कन्हैया को बदनाम किया जा रहा है। उन्हें जिताएं। कन्हैया देश की आवाज बनेगा। उनके साथ सभा में मौजूद सिने अभिनेता प्रकाश राज ने भी मौजूद रहे।
शबाना आजमी ने कहा- 'मुझे गर्व है कि मैं भाकपा के सिपाही कैफी आजमी की बेटी हूं, जिन्होंने मरते दम तक पार्टी को झुकने नहीं दिया। वे गंगा-जमुनी तहजीब को बढ़ावा देते थे। उन्होंने पीएम पर बरसते हुए कहा कि मोदी सरकार में देश में पांच वर्षों में बेरोजगारी, गरीबी, महिलाओं पर अत्याचार में वृद्धि हुई है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं।
'कमाने वाला खाएगा, लूटने वाला जाएगा'
शबाना ने सीपीआई उम्मीदवार कन्हैया कुमार को जिताने की अपील लोगों से की। कहा कि कन्हैया आपकी आवाज बनेगा और यहां का चुनाव देश की दशा-दिशा तय करेगी। देश में पांच वर्षों में बेरोजगारी, गरीबी, महिलाओं पर अत्याचार में वृद्धि हुई है। किसानों को आत्महत्या करना पड़ रहा है। अगर भारतीय लोकतंत्र को बचाना है, तो कन्हैया को अपनी आवाज बनाकर भेजना होगा। उन्होंने मौके पर उपस्थित जनसमूह से नारा लगवाया- कमाने वाला खाएगा, लूटने वाला जाएगा और नया जमाना आएगा।
'कन्हैया को बदनाम किया जा रहा है'
वहीं बलिया में चुनावी सभा में शबाना ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार विकास करती, वादे को पूरा करती तो हम विरोध में खड़े नहीं होते। केंद्र सरकार दंगे कराने, हिन्दू- मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटने की बात कर नफरत फैला रही है। उन्होंने कहा कि कन्हैया को बार- बार देश द्रोही, टुकड़े-टुकड़े गैंग का लड़का होने का आरोप लगाकर बदनाम किया रहा है। उन्होंने कहा कि कन्हैया बेगूसराय ही नहीं देश का भविष्य है।
'कन्हैया से मेरा इंसानियत का संबंध'
सभा में मौजूद सिने अभिनेता प्रकाश राज ने कहा कि कन्हैया से मेरा संबंध इंसानियत का है। मैं भी चुनाव बंगलोर से लड़ रहा हूं। भगवान अगर मुझसे पूछे कि कन्हैया कुमार और प्रकाश राज में किसी एक को संसद भेजना है, तो मैं कहूंगा कि कन्हैया को जिता कर भेज दें। कन्हैया कुमार ईमानदार, सच्चा इंसान, गरीबों, किसानों की आवाज है। कन्हैया को वोट देकर लोकसभा में भेजें, ताकि वह देश में युवा शक्ति की आवाज बन सके।