कोहरे का कहर : पटना में विलंब से चल रहीं कई ट्रेनें, फ्लाइट्स भी रद
बिहार में मौसम में आए बदलाव के साथ कोहरा बढ़ा है। इस कारण दर्जनों प्रमुख ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। कई ट्रेनें व फ्लाइट्स रद कर दी गई हैं।
पटना [जेएनएन]। मौसम में बदलाव के साथ शनिवार को कोहरे का कहर अधिक बढ़ा है। इसका असर जनजीवन पर पड़ा। सूर्य के दर्शन काफी देर बाद हुए। करीब 10 बजे तक सड़कों पर विजिबिलिटी 100 मीटर से भीतर रही। इसका असर ट्रेनों के परिचालन व फ्लाइट्स पर पड़ा। सुबह में बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो हुई तो ऑफिस जाने वाले भी परेशान रहे।
ट्रेनों की बात करें तो अप और डाउन दोनों ही राजधानी एक्सप्रेस देरी से चल रही हैं। शुक्रवार को सुबह 6:15 बजे जंक्शन से खुली राजधानी एक्सप्रेस शाम 6:30 बजे इलाहाबाद में थी। यह ट्रेन काफी विलंब से आज दिल्ली पहुंची। गुरुवार की शाम 5:25 बजे नई दिल्ली से खुलने वाली राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार की सुबह खुली। यह ट्रेन भी 12 घंटे में इलाहाबाद तक ही पहुंची।
सुबह खुली राजधानी व संपूर्ण क्रांति
पटना जंक्शन से शाम 7:25 बजे खुलने वाली राजधानी एक्सप्रेस शनिवार को सुबह खुली। शाम छह बजे खुलने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस भी आज सुबह नई दिल्ली के लिए खुली। उपासना एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों को समय से चलाने के लिए रद कर दिया गया है।
फ्लाइट्स भी प्रभावित
पटना एयरपोर्ट पर एक दिसंबर से पांच जोड़ी उड़ानें रद हैं। जो उड़ानें रद नहीं हैं, उनपर भी आज ग्रहण लगता दिखा। कम विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट्स के ऑपरेशन में मुश्किल हुई।
देर तक छाया रहा कोहरा
पटना के कई इलाकों में सड़कों पर देर तक घना कोहरा पसरा रहा। इससे ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। इसका असर कार्यालयों पर भी पड़ा।