Move to Jagran APP

बिहार: बदमाशों ने 24 घंटे में 7 को मार डाला, बेगूसराय में BDO के ड्राइवर की हत्या

बिहार में क्राइम ग्राफ नहीं थम रहा है। प्रदेश में 24 घंटे के अंदर बदमाशों ने 7 लोगों को मार डाला। शनिवार को बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में बीडीओ के ड्राइवर की हत्या कर दी।

By Rajesh ThakurEdited By: Published: Sat, 23 Mar 2019 04:53 PM (IST)Updated: Sat, 23 Mar 2019 10:45 PM (IST)
बिहार: बदमाशों ने 24 घंटे में 7 को मार डाला, बेगूसराय में BDO के ड्राइवर की हत्या
बिहार: बदमाशों ने 24 घंटे में 7 को मार डाला, बेगूसराय में BDO के ड्राइवर की हत्या

पटना [जेनएनएन]। बिहार में क्राइम ग्राफ नहीं थम रहा है। प्रदेश में 24 घंटे के अंदर बदमाशों ने 7 लोगों को मार डाला। शनिवार को बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में बीडीओ के ड्राइवर की हत्या कर दी। ड्राइवर को तेज हथियार से काटकर घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं मुजफ्फरपुर में महिला को लाठी-डंडे से पीट कर मार डाला। पूर्वी चंपारण में भी युवक को बदमाशों ने गोली मारकर हत्‍या कर दी। इसी तरह खगडि़या, सहरसा, छपरा व पटना सिटी में हत्‍या की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है। 

loksabha election banner

ड्राइवर को हथियार से काट डाला

बेगूसराय स्थित साहेबपुर कमाल के पश्चिम पंचायत के नवटोलिया निवासी बीडीओ श्रीनिवास के सरकारी वाहन के चालक बटोरन चौधरी की हत्या धारदार हथियार से काट कर कर दी गई। घायल चालक को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मारपीट में घायल अन्य पांच का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। इधर हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल थाना चौक के समीप एनएच 31 को जाम कर दिया। बताया जाता है कि बटोरन को नवटोलिया में डेढ़ वर्ष पूर्व पर्चे की बास अंचल से जमीन मिली थी, लेकिन दबंगों द्वारा उसमें बाधा उत्पन्न किया जाता था। मृतक के भाई बेचन चौधरी के अनुसार उक्त पर्चे की भूमि पर बटोरन के परिजन मकान बनवा रहे थे। इसी बीच विरोधी शिव धनी राम निर्माण स्थल पर पहुंच विरोध करने के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट की खबर मिलते ही बीडीओ के साथ सरकारी काम कर लौटे बटोरन विवादित स्थल पहुंच गए। इसी बीच शिवधारी राम के परिजनों द्वारा धारदार कुल्हाड़ी से बटोरन के माथे पर पीछे से वार कर दिया।

मुजफ्फरपुर में महिला की हत्‍या

मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना के बड़हद गांव में जमीन विवाद को लेकर शनिवार की सुबह पुकार साह की पत्‍नी उर्मिला देवी को विरोधी गुट ने लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। बताया जाता है कि पुकार साह व शेषनाथ ठाकुर के परिजनों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया। मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में अर्जुन साह, बुटन साह, अजय साह, श्याम साह, रामबाबू साह व अन्य शामिल हैं।आक्रोशित लोगों ने हत्या के आरोपित के घर को घेर कर तोडफ़ोड़ की। उसके परिजनों को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ। 

पूर्वी चंपारण में गोली मार युवक की हत्या

पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थानाक्षेत्र के हत्ता-बक्सा गांव के समीप शनिवार को बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर एक की हत्या कर दी। दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी है। जख्मी को प्रारंभिक उपचार के बाद सुगौली से मोतिहारी लाया गया है। मारे गए युवक की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि वह मुफस्सिल थानाक्षेत्र के मछहा गांव के आस-पास का निवासी है। जख्मी युवक की पहचान कोटवा थानाक्षेत्र के फत्ते टोला कररिया निवासी देवीलाल दास के पुत्र मुन्ना कुमार दास के रूप में की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 

सहरसा में युवक की गोली मारकर हत्या

सहरसा में शनिवार को ही बाइक सवार की गोली मारकर हत्या कर दी। काफी देर तक शव की पहचान भी नहीं हो पाई थी। बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव की पहचान की। मृतक की पहचान बसनही थाना के महुआ बाजार निवासी बुलेट साह के रूप में की गई है। बदमाशों ने उसकी हत्या कर काशनगर ओपी क्षेत्र के कोपा पंचायत के बहियार में शव को फेंक दिया था। शव के समीप ही पुलिस को पांच खोखे भी मिले हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 

खगड़िया में अधेड़ को लाठी से पीटकर मार डाला 

बिहार के खगड़िया जिले में शनिवार को एक अधेड़ की बदमाशों ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। साथ ही उनके बेटे को जमकर पीटा। बेटे को प्राइवेट क्लिनिक में इलाज कराया जा रहा है। गांव के चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामला चौथम थाना क्षेत्र के नोरंगा गांव का है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। 

छपरा में युवक की हत्या

उधर छपरा से भी युवक की हत्या की खबर आ रही है। बताया जाता है कि छपरा के मढ़ौरा स्थित भलुई पुल के नीचे शनिवार को युवक का शव मिला। उसकी हत्या गला रेत कर की गई है। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने घटना को अंजाम देकर शव को यहां फेंक दिया गया है।  

पटना सिटी में फायरिंग में गई बच्चे की जान 

पटना सिटी के मेहंदीगंज स्थित रानीपुर काली मंदिर के पास बीती रात फायरिंग की घटना हुई थी। इसमें सात साल के बच्चे डुग्गू की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में जितेंद्र केवट को गिरफ्तार किया गया है। गोली किसने और क्यों चलाई, इस बात की जानकारी पुलिस ले रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.