मानवता की सेवा ही ईसा मसीह का मूल संदेश : अध्यक्ष
पटना धर्मप्रांत के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में मुम्बई से आए कैथोलिक बिशप
पटना। पटना धर्मप्रांत के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में मुम्बई से आए कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ओस्वाल्ड ग्रासियस ने कहा कि मानवता की सेवा करना ही ईसा मसीह का मूल संदेश है। ईसाई समाज इस दिशा में निरंतर अग्रसर है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा के माध्यम से मानवता की सेवा किया जा रहा है। गरीबों के बीच प्यार का संदेश देने के लिए ईसाई समाज हर संभव प्रयास कर रहा है।
समारोह में आए अतिथियों का स्वागत पटना धर्म प्रांत के धर्माध्यक्ष विलियम डिसूजा ने किया। उन्होंने कहा कि ईसाई समाज ने बिहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राजधानी पटना से लेकर गरीब बस्तियों तक ईसाई समाज अपनी सेवा दे रहा है। लोगों के विकास के लिए काम कर रहा है। खासकर लोगों के घरों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाने के लिए ईसाई पुरोहित व धर्म बहनें दिनरात काम कर रही हैं। राज्य में ईसाई समाज की और से सैकड़ों स्कूल एवं अस्पताल चलाए जा रहे हैं। यह मानवता की सेवा का सबसे बड़े केंद्र हैं।
शाम के समारोह में विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने मानवता की सेवा का पाठ पढ़ाया। बच्चों ने नाटक के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया कि गरीब, मरीजों एवं असहाय को छोड़कर अधिकांश लोग चले जाते हैं लेकिन ईसाई समाज उनकी सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहता है। इस अवसर पर विकर जेनरल फादर प्रेम प्रकाश, फादर जोसेफ राज, फादर सुसाई राज, फादर जुनास कुजूर, फादर जोश कलापुरा, फादर केसी फीलिप, फादर जॉनसन, फादर आर्मस्ट्रांग सहित कई लोगों ने समारोह में भाग लिया।