Video: बिहार में विधायक के तेवर देख बैठक से बाहर निकले मंत्री, एमएलए ने डीएम के खिलाफ खोला मोर्चा
Bihar politics विधायक विभा देवी के तेवर देख मीटिंग में शामिल बिहार के मंत्री समीर कुमार महासेठ को बाहर आना पड़ा। एमएलए डीएम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कहा कि उन्होंने विभा को देखकर दरवाजा बंद कर दिया।
जासं, नवादा/पटना: नवादा जिले के प्रभारी सह उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ गुरुवार को नवादा पहुंचे थे। इस दौरान अपनी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से वह नहीं मिले। इस पर नवादा सदर की राजद विधायक विभा देवी नाराज होकर खुद सर्किट हाउस पहुंच गईं। वहां मंत्री जिले के वरीय अधिकारियों के साथ सुखाड़ समेत दूसरी योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। विधायक की नाराजगी जानकर मंत्री समीर महासेठ बैठक छोड़कर हाल से बाहर निकल आए। उन्होंने नाराज विधायक को निकाय चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता का हवाला दिया।
मंत्री से नहीं मिलने देने से नाराज दिखीं विधायक
कुछ देर तक नाराजगी जताने के बाद विधायक सर्किट हाउस से बाहर निकल आईं। उनके साथ राजद के कई नेता व कार्यकर्ता भी थे। विधायक इस बात से नाराज दिखीं कि उन्हें मंत्री से नहीं मिलने दिया गया। जिला प्रशासन स्तर से कोई सूचना भी नहीं मिली। जबकि राजद के तमाम नेता व कार्यकर्ता महागठबंधन सरकार के उद्योग मंत्री सह प्रभारी मंत्री के स्वागत के लिए सुबह से ही इंतजार में थे।
बिहार में विधायक के तेवर देख बैठक से बाहर निकले मंत्री, एमएलए ने जिलाधिकारी के खिलाफ खोला मोर्चा
Read News- https://t.co/furHACUzMJ#BJP #Bihar pic.twitter.com/FYP3MSZjbC— Akshay Pandey (@akshay019) September 16, 2022
एमएलए के निशाने पर जिलाधिकारी
मीडिया से बातचीत में विधायक विभा देवी ने कहा कि हमारी मंत्री समीर कुमार महासेठ से कोई नाराजगी नहीं है। जिलाधिकारी और अन्य अफसरों ने गलत किया है। विभा ने कहा कि हमें देखकर डीएम ने दरवाजा बंद कर लिया। विभा ने कहा कि हम जनता के प्रतिनिधि हैं। ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नवादा जिले के प्रभारी सह उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने भी कहा कि कहीं कोई विवाद नहीं है। उन्होंने मीडिया से कहा कि राज्य सरकार काफी बेहतर कार्य कर रही है। इन कामों को भी दिखाया जाए।