श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र की गैलरी में दिखेगा सरदार पटेल का राजनैतिक और सामाजिक जीवन Patna News
अब सरदार पटेल के विषय में जानने के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा। पटना के श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र में पूर्व कांग्रेसी नेता लिए विशेष गैलरी बनाई जा रही है।
पटना, जेएनएन। श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र में सितंबर के अंतिम हफ्ते में सरदार वल्लभ भाई पटेल पर आधारित विशेष गैलरी खुलने वाली है। 'एक भारत' के नाम वाली इस गैलरी को पूरे देश का भ्रमण करने के बाद पटना लाया गया है। अब तक यह चलित (मोबाइल) गैलरी देश के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर रही थी। अब इसे विज्ञान केंद्र में स्थायी स्वरूप दिया जाएगा। इस गैलरी के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी छोटी-बड़ी सारी राजनैतिक, सामाजिक गतिविधियों को प्रदर्शनी के रूप में लगाया जाएगा।
प्रदर्शनी में लगेगी पटेल की प्रतिमा
गैलरी के बीचो-बीच सरदार पटेल की एक प्रतिमा भी लगाई जाएगी। इसके अगल-बगल उनकी उपलब्धियों से जुड़ी चीजों को रखा जाएगा। साथ ही मल्टी मीडिया प्रदर्शनी और पोस्टर के माध्यम से यहां आने वाले पर्यटकों को सरदार पटेल से जुड़ी सारी जानकारी दी जाएगी।
सितंबर से हो सकता है दीदार
श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र के संग्रह अध्यक्ष राम स्वरूप ने बताया कि नई गैलरी के माध्यम से विज्ञान केंद्र में आने वाले लोगों को सरदार पटेल के बारे में कई सारी जानकारियां प्राप्त होंगी। ये गैलरी पूरे भारत के भ्रमण के बाद पटना में लाई गई है। हमारी कोशिश है कि हम इस गैलरी की शुरुआत सितंबर महीने से दर्शकों के लिए कर दें।
बस के माध्यम से बच्चों को दी जाएगी जानकारी
श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र अब राज्य के अलग-अलग हिस्सों के लोगों, खासकर स्कूली बच्चों को दैनिक जीवन में मशीनों और विज्ञान के महत्व से अवगत करा रहा है। इसके लिए बस पर भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी लगाई गई है। इस सिलसिले में बस को पहले टूर पर औरंगाबाद जिले में भेजा गया है। इस बस में कुल 20 प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। साथ ही इसमें टेलिस्कोप द्वारा आकाश दर्शन और प्रोजेक्टर की मदद से फिल्म दिखाने की भी व्यवस्था की गई है।
दुर्गापूजा तक ये बस औरंगाबाद जिले के कुल सात स्कूलों में भ्रमण करेगी तथा हर स्कूल में तीन दिनों तक रहेगी। इस विषय में विज्ञान केंद्र के निदेशक अमिताभ बताते हैं कि इस तरह की बस सेवा के माध्यम से छोटे-छोटे बच्चों को विज्ञान के बारे में जानकारी मिल सकेगी और साथ ही वो खेल-खेल में विज्ञान से जुड़ी छोटी-छोटी बातों और महत्व को भी समझ सकेंगे।