जहां बम-गोली से तबाह हुई थी स्कूल की इमारत, वहां से निकली मिसाल: BBOSE के सहारे सपना ने 10वीं में ठोके 81% अंक
नक्सली हिंसा में स्कूल टूटने के बाद जमुई के गुरमाहा गांव की सपना कुमारी ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं ...और पढ़ें

नक्सली हिंसा में टूट गया था स्कूल तो बीबोस से मैट्रिक पास करने वाली गांव की पहली बेटी बनी सपना (AI Generated Image)
HighLights
नक्सली हिंसा से स्कूल टूटा, बेटियों की पढ़ाई पर लगा ब्रेक।
सपना कुमारी ने BBOSE से 10वीं में 81% अंक प्राप्त किए।
गुरमाहा गांव की पहली मैट्रिक पास बेटी बनी सपना।
राज्य ब्यूरो, पटना। मन में कुछ कर गुजरने की सच्ची लगन हो, तो कोई भी मुश्किल उसे रोक नहीं सकती। बिहार के जमुई जिले में एक ऐसी ही कहानी सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया है कि अगर स्कूल की इमारत टूट भी जाए, तो हौसलों की उड़ान नहीं रुकती।
बरहट प्रखंड के गुरमाहा गांव की बेटियों ने अपने सपनों को बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड नया आसमान दिया
गुरमाहा गांव में कुछ समय पहले नक्सली हिंसा के कारण स्कूल की इमारत पूरी तरह तहस-नहस हो गई थी। स्कूल टूटने के बाद गांव के बच्चों, खासकर बेटियों की पढ़ाई पर जैसे ब्रेक लग गया।
उनके सामने यह बहुत बड़ा संकट था कि अब आगे की पढ़ाई कैसे होगी, लेकिन इन मुश्किल हालातों में भी गांव की तीन बेटियों ने हार नहीं मानी। उन्होंने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड का सहारा लिया और इसमें एडमिशन लेकर अपनी रुकी हुई पढ़ाई दोबारा शुरू की।
इन्हीं तीन बेटियों में से एक है सपना कुमारी, जिसने 10वीं की परीक्षा में 81% नंबर लाकर पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया। सपना अब अपने गांव गुरमाहा की पहली ऐसी बेटी बन गई है, जिसने मैट्रिक की परीक्षा पास की है।
आंकड़ों के अनुसार, अब तक एक लाख 85 हजार 987 लोग इस बोर्ड के जरिए अपनी परीक्षा दे चुके हैं। यह बढ़ती हुई संख्या बताती है कि लोग बीबोस पर कितना भरोसा कर रहे हैं।
सही मायनों में यह बोर्ड सिर्फ एक परीक्षा पास करने का तरीका नहीं है, यह उन लोगों के लिए फिर से अपने पैरों पर खड़े होने और अपने अधूरे सपनों को पूरा करने का एक सुनहरा मौका है।