विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में सम्राट चौधरी का नया 'पावर सेंटर': जिस VVIP बंगले में रहते थे नीतीश, अब वहीं से चलेगी बिहार की सियासत

Published: Mon, 25 May 2026 08:00 PM (IST)

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दिल्ली के कामराज लेन में नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है, जो पहले नीतीश कुमार के पास था।

सम्राट चौधरी को राजधानी दिल्ली में नया सरकारी बंगला आवंटित

सम्राट चौधरी को राजधानी दिल्ली में नया सरकारी बंगला आवंटित

HighLights

  1. सम्राट चौधरी को दिल्ली में मिला नया सरकारी बंगला।

  2. यह बंगला पहले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आवंटित था।

  3. कामराज लेन का यह बंगला वीवीआईपी इलाके में स्थित है।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राजधानी दिल्ली में नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। केंद्र सरकार ने उन्हें लुटियंस दिल्ली के बेहद खास वीवीआईपी इलाके कामराज लेन स्थित बंगला नंबर-6 दिया है।

दिल्ली में मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका आधिकारिक आवास होगा। अब दिल्ली दौरे के दौरान सम्राट चौधरी इसी बंगले में ठहरेंगे और यहीं से सरकारी बैठकों का संचालन करेंगे।

राजनीतिक गलियारों में इस आवंटन को काफी अहम माना जा रहा है।

जिस बंगले में रहते थे नीतीश कुमार, अब वहां सम्राट चौधरी

दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले यही बंगला बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आवंटित था।

राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार को दिल्ली के सुनहरी बाग रोड स्थित नया सरकारी आवास मिला।

इसके बाद अब कामराज लेन का यह बंगला सम्राट चौधरी को सौंप दिया गया है।

राजनीतिक हलकों में इसे सत्ता और प्रभाव के बदलते समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

बंगले के बदलाव ने बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को हवा दे दी है।

कामराज लेन का बंगला क्यों माना जाता है खास?

दिल्ली का कामराज लेन इलाका देश के सबसे प्रतिष्ठित सरकारी आवासीय क्षेत्रों में गिना जाता है।

यहां केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ नेता और कई पूर्व मुख्यमंत्री रहते हैं। सम्राट चौधरी को मिला बंगला टाइप-8 श्रेणी का आलीशान सरकारी आवास बताया जा रहा है।

यह इलाका संसद, केंद्रीय मंत्रालयों और बड़े राजनीतिक केंद्रों के बेहद करीब है। ऐसे में बिहार से जुड़े सरकारी कामकाज और बैठकों के लिए यह लोकेशन काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अब दिल्ली दौरे में नहीं होगी गेस्ट हाउस की जरूरत

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी लगातार दिल्ली और पटना के बीच सक्रिय हैं।

अब उन्हें दिल्ली प्रवास के दौरान अलग से गेस्ट हाउस या अस्थायी आवास पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

सूत्रों के मुताबिक जल्द ही वे इस नए आवास का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं।

राजनीतिक मुलाकातों और प्रशासनिक बैठकों के लिए भी यह बंगला सुविधाजनक माना जा रहा है।

दिल्ली में स्थायी सरकारी आवास मिलने को उनके बढ़ते राजनीतिक कद से भी जोड़ा जा रहा है।

पटना में भी बदल चुका है मुख्यमंत्री आवास का नाम

बता दें कि पटना में भी मुख्यमंत्री आवास को लेकर बदलाव हो चुका है।

फिलहाल सम्राट चौधरी को लोक सेवक आवास आवंटित किया गया है। इसे पहले 1 अणे मार्ग के नाम से जाना जाता था।

मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से सम्राट चौधरी लगातार प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।

अब दिल्ली में नया बंगला मिलने के बाद बिहार की राजनीति में इसकी खूब चर्चा हो रही है।

यह भी पढ़ें- अमित शाह के पड़ोसी बने नीतीश कुमार: दिल्ली में मिला 3 एकड़ का VVIP बंगला, राहुल गांधी भी पास