विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सत्ता किसी की बपौती नहीं: CM सम्राट चौधरी का तेजस्वी के हमलों का काउंटर अटैक

Published: Fri, 24 Apr 2026 12:39 PM (IST)

सम्राट चौधरी ने बिहार विधानसभा में विश्वासमत प्रस्ताव पर तेजस्वी यादव के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा, ...और पढ़ें

HighLights

  1. सत्ता किसी की बपौती नहीं, संघर्ष से मिली।

  2. लालू राज में परिवार के 22 सदस्य जेल गए।

  3. अपराध, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता से कोई समझौता नहीं।

डिजिटल डेस्क, पटना। सम्राट चौधरी ने बिहार विधानसभा में विश्वासमत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव के आरोपों का जोरदार जवाब दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं होती और उनकी राजनीति संघर्ष से बनी है, किसी पाठशाला की देन नहीं।

उन्होंने कहा कि वे 14 करोड़ बिहारवासियों के समर्थन के साथ प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, पूर्व सीएम नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के आशीर्वाद से सीएम बने हैं। 

लालू की वजह से राजनीति‍ में

उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरा एनडीए एकजुट है और बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों का जिक्र करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर भी तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के शासनकाल में उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के 22 सदस्यों को जेल जाना पड़ा। अगर वह दौर नहीं होता, तो शायद मैं राजनीति में नहीं आता,उन्होंने कहा।

उम्र और शिक्षा पर उठे सवालों का जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि 1995 में अगर वे नाबालिग होते, तो जेल की बजाय बाल सुधार गृह भेजे जाते।

उन्होंने डिग्री और एफिडेविट पर उठे सवालों को भी खारिज करते हुए कहा कि वे इन मुद्दों पर ध्यान नहीं देते, बल्कि जनता के मुद्दों पर काम करना उनकी प्राथमिकता है।

अपराध, भ्रष्‍टाचार और सांप्रदायिकता से समझौता नहीं

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा ने उन्हें हर स्तर पर अवसर दिया, नेता प्रतिपक्ष से लेकर पार्टी अध्यक्ष, दो बार उपमुख्यमंत्री और अब मुख्यमंत्री तक। पूरी पार्टी एकजुट है, किसी भ्रम में रहने की जरूरत नहीं। 

कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की नीति के अनुसार अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि गलत नजर डालने वालों को  पाताल से भी खोज निकाला जाएगा। 

कहा क‍ि ब्‍लॉक अंचल और थाने की मुख्यमंत्री कार्यालय से सीधी मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि नीतीश जी को न राजनीत‍ि से हटा सकते हैं न दिल से।