नीतीश सेतु के लोकार्पण से पहले पूर्व सीएम के घर पहुंचे सम्राट चौधरी, कल PM से होगी मुलाकात!
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा होने वाले नीतीश सेतु के लोकार्पण समारोह की तैयारियों पर चर्चा के लिए हुई।

अपने आवास पर सम्राट चौधरी का स्वागत करते नीतीश कुमार। सौ-एक्स
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से मुलाकात की।
नीतीश सेतु लोकार्पण समारोह की तैयारियों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को पुल का उद्घाटन करेंगे।
डिजिटल डेस्क, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु के लोकार्पण समारोह पर चर्चा करने उनके सरकारी आवास पहुंचे।
नीतीश कुमार स्वयं दरवाजे पर खड़े होकर मुख्यमंत्री का स्वागत करते नजर आए। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। मौके पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी थे।
पटना एयरपोर्ट जाएंगे नीतीश कुमार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को इस छह लेन पुल का लोकार्पण करेंगे। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को पूरी जानकारी दी। नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की आगवानी में पहुंचेंगे।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा 21 नवंबर को जनता को समर्पित किए जाने वाले नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

नीतीश कुमार ने खुद दरवाजे पर किया स्वागत
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जब नीतीश कुमार के आवास पहुंचे तो पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद आगे बढ़कर उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बन गई।
बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद दोनों नेता कई मौकों पर साथ नजर आ चुके हैं। हालांकि, इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य पुल के लोकार्पण समारोह के लिए नीतीश कुमार को आमंत्रित करना और कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करना था।

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन होगा आसान
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के लोकार्पण के साथ बिहार के सड़क संपर्क में एक अहम कड़ी जुड़ने जा रही है। गंगा पर बने इस पुल से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर वैशाली और आसपास के जिलों के लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। वैशाली जिले के राजापाकर क्षेत्र के जाफरपट्टी में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है। पुल के लोकार्पण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।