सदिसोपुर स्टेशन पर आरा-पटना पैसेंजर के लेट होने पर भड़के यात्री, आधे घंटे तक रोकी ट्रेन
दानापुर रेल मंडल के सदिसोपुर स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन के विलंब से पहुंचने पर यात्रियों ने विरोध में ट्रेन रोक दी, जिससे आधे घंटे तक परिचालन बाधित रहा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
संवाद सूत्र, बिहटा। दानापुर रेल मंडल के सदिसोपुर स्टेशन पर गुरुवार को पैसेंजर ट्रेन के विलंब से पहुंचने पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
नाराज दैनिक यात्रियों ने आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन संख्या 63214 डाउन को रोककर हंगामा किया। इसके कारण करीब आधे घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। बाद में जीआरपी के हस्तक्षेप से ट्रेन को दोबारा पटना के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन के सदिसोपुर स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:46 बजे है। हालांकि, गुरुवार को यह ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से सुबह 8:59 बजे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के विलंब से पहुंचने पर दैनिक यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए उसे रोक दिया और रेलवे के प्रति अपना विरोध प्रकट किया।
रोज होती है परेशानी
यात्रियों का आरोप था कि बक्सर-पटना रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने के कारण उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसका सबसे अधिक असर सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों और रोजगार के सिलसिले में पटना आने-जाने वाले लोगों पर पड़ता है।
दैनिक यात्रियों ने बताया कि छोटे स्टेशनों पर सुबह 3:30 बजे के बाद करीब चार घंटे के अंतराल पर 63214 डाउन पैसेंजर ट्रेन पहली गाड़ी के रूप में उपलब्ध होती है। ऐसे में यदि यह ट्रेन भी देर से पहुंचेगी, तो यात्रियों का समय पर पटना पहुंचना मुश्किल हो जाएगा।
यात्रियों के अनुसार, हाल ही में बिहटा स्टेशन पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में वरीय रेल अधिकारियों से पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
इस संबंध में दानापुर रेल जीआरपी थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों ने उसे रोक दिया था। सदिसोपुर स्टेशन पर मौजूद जीआरपी की मदद से करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना कर दिया गया।
