आरएसएस बिहार में करा सकता है बम ब्लास्ट, मांझी की पार्टी की नीतीश से मांग-संघ कार्यालयों की जांच कराएं
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर बड़ा आरोप लगाया है। हम ने कहा है कि सरकार बदलने के बाद संघ के लोग बिहार में आतंकी हमले करा सकते हैं।
जागरण टीम, पटना। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर बड़ा आरोप लगाया है। हम ने कहा है कि सरकार बदलने के बाद संघ के लोग बिहार में आतंकी हमले करा सकते हैं। आरएसएस वाले सांप्रदायिक तनाव फैला सकते हैं। हम प्रवक्ता दानिश रिजवान ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि आरएसएस राज्य में बम ब्लास्ट करा सकता है। ऐसे में नीतीश कुमार बिहार के जिलों से लेकर प्रखंड तक के संघ के कार्यालयों की जांच कराएं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के मदरसे की जांच कराने वाले बयान का भी हम ने जवाब दिया। दानिश ने कहा कि मदरसे की जांच करने की मांग करना किसी का व्यक्तिगत मामला हो सकता है।
गिरिराज ने की मदरसों में सर्वे कराने की मांग
बता दें कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि उत्तर प्रदेश की तर्ज बिहार में भी मदरसों में सर्वे कराया जाना चाहिए। बेगूसराय के भाजपा सांसद गिरिराज ने कहा कि बिहार के सीमावर्ती जिलों में इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद यह बात सामने आएगी कि इन मदरसों में रहने वाले लोग कौन हैं और क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में मदरसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गिरिराज ने कहा कि मदरसे में अच्छी शिक्षा नहीं मिल रही है। उन्होंने अपने बयान के साथ यह भी जोड़ा कि बाहर से आने वाले रोहिंग्या और पीएफआई के सदस्य की पहचान करके सभी को वापस बाहर भेजने की जरूरत है।
सर्वे से ओवैसी के पेट में हो रहा दर्द
गिरिराज सिंह ने कहा कि सर्वे से सिर्फ ओवैसी जैसे लोगों के पेट में हो रहा दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि ओवैशी को डर लग रहा है कि सर्वे के बाद ये पता चल जाएगा की मदरसों में रहने वाले कितने लोग बंगलादेशी हैं और रौहंगिया हैं। गिरिराज ने कहा कि मदरसों के सर्वे के बाद पता चलेगा कि वहां रहने वाले लोग भारत के विरूद्ध काम कर रहे या भारत के पक्ष में।