विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RRB परीक्षा के लिए रेलवे की सौगात, बिहार से यूपी के लिए चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें 

Published: Mon, 03 Aug 2026 11:14 PM (IST)

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की लेवल-एक परीक्षा के लिए पूर्व मध्य रेल ने जयनगर-लखनऊ और राजगीर-वाराणसी के बीच दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. RRB लेवल-एक परीक्षा हेतु स्पेशल ट्रेनें शुरू।

  2. जयनगर-लखनऊ और राजगीर-वाराणसी मार्ग पर चलेंगी।

  3. अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, पटना। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा लेवल-एक के विभिन्न पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) फेज-एक में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेल ने जयनगर-लखनऊ और राजगीर-वाराणसी के बीच एक-एक जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।

यह परीक्षा तीन अगस्त से छह अगस्त 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित की जा रही है। पूर्व मध्य रेल ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों तक आवागमन के लिए इन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि उन्हें सुरक्षित, सुगम और समय पर यात्रा की सुविधा मिल सके।

जयनगर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल

गाड़ी संख्या 03203 जयनगर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल चार अगस्त को जयनगर से दोपहर 3:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, बेतिया और नरकटियागंज सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 10:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

वापसी में 03204 लखनऊ-जयनगर परीक्षा स्पेशल पांच अगस्त को दोपहर 12:30 बजे लखनऊ से रवाना होगी और छह अगस्त को सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 12 स्लीपर कोच तथा दो एसएलआरडी कोच लगाए जाएंगे।

राजगीर-वाराणसी परीक्षा स्पेशल

गाड़ी संख्या 03205 राजगीर-वाराणसी परीक्षा स्पेशल चार अगस्त को शाम 6:30 बजे राजगीर से खुलेगी। यह नालंदा, बिहारशरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर और डीडीयू स्टेशन पर ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह 3:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वापसी में 03206 वाराणसी-राजगीर परीक्षा स्पेशल 5 अगस्त को शाम 7:00 बजे वाराणसी से प्रस्थान करेगी। यह डीडीयू, बक्सर, आरा, पटना, बख्तियारपुर, बिहारशरीफ और नालंदा स्टेशनों पर रुकते हुए 6 अगस्त की सुबह 5:00 बजे राजगीर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 14 स्लीपर कोच तथा दो एसएलआरडी कोच होंगे।

श्रावणी मेला: अशोकधाम स्टेशन पर छह जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव

श्रावणी मेला के दौरान बाबा अशोकधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने दानापुर मंडल के अशोकधाम स्टेशन पर तत्काल प्रभाव से 6 जोड़ी (12 ट्रेनों) का अस्थायी ठहराव प्रदान किया है। इस निर्णय से बिहार सहित अन्य राज्यों से आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, जसीडीह–मोकामा पैसेंजर (63571/63572), दानापुर–साहिबगंज स्पेशल (03235/03236), रक्सौल–देवघर स्पेशल (05545/05546), आसनसोल–पटना स्पेशल (03511/03512), मधुपुर–पटना स्पेशल (03555/03556) तथा आसनसोल–गोरखपुर स्पेशल (03527/03528) का अशोकधाम स्टेशन पर अस्थायी ठहराव रहेगा।

ये ट्रेनें निर्धारित समय पर एक-एक मिनट के लिए स्टेशन पर रुकेंगी। पूर्व मध्य रेल ने सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने बताया कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यात्रा की मांग को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।

इससे अशोकधाम मंदिर आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा और उन्हें अन्य स्टेशनों पर उतरकर अतिरिक्त यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। रेलवे ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में अगले 24 घंटे में झमाझम बारिश, आपके शहर का कैसे रहेगा हाल?